Site icon Dainik Savera Times

उत्तर भारत में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में नीचे गिरा पारा, IMD ने जारी की चेतावनी

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में सर्दी धीरे-धीरे तेज होती जा रही है। कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी रात और सुबह के तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को जारी बुलेटिन में देशभर के मौसम की ताज़ा स्थिति और अगले हफ्ते का पूर्वानुमान बताया है।

कश्मीर

कश्मीर घाटी इन दिनों भीषण ठंड से गुजर रही है। बादलों की मौजूदगी ने कुछ इलाकों में रात के तापमान में हल्का सुधार किया है, लेकिन ज्यादातर जगहों पर पारा शून्य से काफी नीचे है। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के कोनीबाल में रात का तापमान माइनस 6 डिग्री तक पहुंच गया, जो घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.1 डिग्री रहा, जो पिछले दिन की तुलना में थोड़ा ऊपर है। काजीगुंड में 3.4, कुपवाड़ा में 4.9, कोकरनाग में 1.6, पहलगाम में 5.2 और गुलमर्ग में 1.3 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह के समय घाटी में घना कोहरा छाया रहा, खासकर झीलों और नदियों के आसपास IMD के अनुसार 10 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 1 से 5 दिसंबर के बीच तापमान में और गिरावट आ सकती है।

ये भी पढ़ें: Delhi Air Pollution: तेज हवा से मिली हल्की राहत, 300 से नीचे लुढ़का AQI

राजस्थान

राजस्थान में बीते कुछ दिनों से सूखा और ठंडा मौसम बना हुआ है। शेखावाटी क्षेत्र (झुंझुनू, सीकर, चुरू) में पारा 8–9 डिग्री तक पहुंच गया है। अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर है, लेकिन अगले तीन दिनों में इसमें 2–3 डिग्री की और गिरावट संभव है। 2 से 4 दिसंबर के बीच कुछ जगहों पर रात का तापमान 4–5 डिग्री तक जा सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

उत्तराखंड

उत्तराखंड में भी ठंड बढ़ती जा रही है। उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग के ऊंचे इलाकों में पारा लगातार शून्य के करीब पहुंच रहा है। मैदानी क्षेत्रों हरिद्वार, उधम सिंह नगर में सुबह घना कोहरा छाने का अनुमान है। IMD ने 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक शीतलहर जैसी स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर

IMD के अनुसार अगले 7–10 दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम सूखा रहेगा। तापमान धीरे-धीरे घटेगा और मैदानी इलाकों में कोहरा और घना हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम यूपी में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित रह सकती है। दिल्ली-एनसीआर में रात का तापमान और नीचे आने की संभावना है।

जम्मू

जम्मू में दिन में धूप खिली रही, लेकिन ठंड में कमी नहीं आई। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। सुबह और शाम ठंडक ज्यादा महसूस हो रही है, जबकि रात में हल्का कोहरा भी बना हुआ है।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में भी दिन और रात दोनों तापमान में गिरावट जारी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊपरी इलाकों में कई जगह पारा शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। IMD का कहना है कि ऊपरी पहाड़ी भागों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी हिस्सों में धुंध और बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: Bank Holidays : दिसंबर में कुल 17 दिन बंद रहेंगे बैंक, देखें छुट्टियों की लिस्‍ट

पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत

पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल में हल्की बारिश होने की संभावना है। मध्य भारत (एमपी, छत्तीसगढ़) में रातें ठंडी रहेंगी, लेकिन दिन में धूप से कुछ राहत मिलेगी। दक्षिण भारत में तापमान सामान्य रहेगा, हालांकि तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

Exit mobile version