Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में ठंडी हवाएं, IMD ने कई राज्यों में जारी किया अलर्ट

November 6, 2025

उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में ठंडी हवाएं, IMD ने कई राज्यों में जारी किया अलर्ट

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में अब सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड में ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरन का अहसास कराना शुरू कर दिया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों के लिए उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है।

तीन से पाँच डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मध्य भारत में भी पारा 2 से 4 डिग्री तक नीचे जाने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह ठंड की शुरुआत है और नवंबर के दूसरे हफ्ते से रातों में ठिठुरन और बढ़ेगी। फिलहाल दिन में हल्की धूप मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलेंगी।

ये भी पढ़ें: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तख्त पटना साहिब में नतमस्तक हुईं

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी जारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। IMD के अनुसार, 7 नवंबर तक इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में बुधवार शाम से ही बर्फबारी और बारिश हो रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ और औली की ऊंची चोटियों पर लगातार बर्फ गिर रही है, जबकि नीचे के इलाकों में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट

IMD की रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में बढ़ेगी ठंड, सुबह छाएगा कोहरा

राजस्थान में भी तापमान धीरे-धीरे नीचे जा रहा है। कई जिलों में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम बदल दिया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, नागौर और चूरू जिलों में तापमान सबसे तेजी से गिरेगा। आने वाले दिनों में सुबह कोहरा छाने और रातों में ठंड बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ में पार्षद के रिश्तेदार व रीजेंटा होटल मालिक के घर फायरिंग

दिल्ली-एनसीआर में सर्द हवाओं की दस्तक

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में बुधवार शाम से ही ठंडी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। हवा की औसत रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.4°C और न्यूनतम तापमान 18.4°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को आसमान साफ़ रहेगा और तापमान 32°C अधिकतम व 18°C न्यूनतम के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर का पहला हफ्ता उत्तर भारत में सर्दी की शुरुआत का संकेत है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत में तापमान तेजी से नीचे जाएगा, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा। अगर यही रुझान रहा तो इस बार सर्दी सामान्य से ज़्यादा लंबी और ठंडी रह सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें