Site icon Dainik Savera Times

Coldrif कफ सिरप मामले में बड़ी कार्रवाई, दवा बनाने वाली कंपनी का मालिक गिरफ्तार

नेशनल डेस्क. मध्य प्रदेश पुलिस ने बच्चों की मौत का कारण बनी जहरीली Coldrif कफ सिरप बनाने वाली कंपनी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कंपनी के मालिक रंगनाथन को तमिलनाडु के चेन्नई से पकड़ा है। यह गिरफ्तारी मध्य प्रदेश पुलिस और चेन्नई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई है।

20 बच्चों की मौत से मचा था हड़कंप

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में Coldrif कफ सिरप पीने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों के अनुसार, इस सिरप के सेवन से बच्चों की किडनी फेल हो गई। इलाज के दौरान अब तक 20 बच्चों की मौत हो चुकी है।

ये भी पढ़ें: जापान की कुबोटा कंपनी हरियाणा में करेगी 2000 करोड़ रुपए का निवेश

20 हजार का इनाम था घोषित

छिंदवाड़ा पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी रंगनाथन की गिरफ्तारी पर 20,000 रुपये का इनाम रखा था। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) राकेश कुमार सिंह ने यह इनाम घोषित किया था और सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया था।

SIT कर रही है जांच

मध्य प्रदेश पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए 7 सदस्यीय विशेष टीम (SIT) बनाई है। यह टीम तीन दिन पहले ही चेन्नई पहुंची थी और वहां कंपनी के दफ्तर व फैक्ट्री की छानबीन की, जांच के दौरान SIT ने श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स कंपनी के रजिस्टर्ड ऑफिस (चेन्नई) और फैक्ट्री (कांचीपुरम) में कई दस्तावेज जब्त किए। कंपनी का मालिक रंगनाथन इसी दौरान अशोक नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें: Weather Update : कई राज्यों में ठंड ने दी दस्तक! इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

तमिलनाडु सरकार की सख्त कार्रवाई

तमिलनाडु सरकार ने भी इस गंभीर मामले पर तुरंत कार्रवाई की है। सरकार ने कंपनी की फैक्ट्री को सील कर दिया है और उसे कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके अलावा 1 अक्टूबर से पूरे राज्य में Coldrif कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और दवा के सभी स्टॉक बाजार से हटाने का आदेश दिया गया है।

सिरप में मिला जहरीला केमिकल

जांच में पाया गया कि Coldrif कफ सिरप में 46.2% डायएथिलीन ग्लाइकॉल मौजूद था। यह एक जहरीला रासायनिक पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स में किया जाता है। डायएथिलीन ग्लाइकॉल शरीर के लिए बेहद खतरनाक होता है। यह किडनी फेल्योर का प्रमुख कारण बनता है। इसी जहरीले तत्व की वजह से बच्चों की मौतें हुईं।

अन्य राज्यों में भी लगी रोक

इस घटना के बाद केरल, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु समेत कई राज्यों ने Coldrif कफ सिरप पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।

Exit mobile version