नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों के आराम के लिये जगह-जगह आधुनिक भवनों के निर्माण कराये जायेंगे।
श्री मोदी राजधानी में आयोजित भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र के लक्ष्य तक पहुंचाने में यातायात एवं माल परिवन क्षेत्र की बड़ी भूमिका है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर वाहन चालकों की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा
कि जो ट्रक चलाते हैं, जो टैक्सी चलाते हैं, वे ड्राइवर हमारी सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था का एक अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर ये चालक घंटो-घंटों लगातार ट्रक चलाते हैं, इनके पास आराम का समय कम रहता है। उन्होंने कहा कि ट्रक ड्राइवरों को रास्ते में आराम देने के लिए केंद्र सरकार ने एक नयी योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस योजना के तहत सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर ड्राइवरों के लिये नयी सुविधाओं वाले आधुनिक भवनों का निर्माण होगा।
भारत मंडपम में शाम को आयोजित सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और शहरी विकास एवं पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित थे इसका आयोजन सरकार के साथ मिल कर इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद कर रही है। मोदी ने कहा, “आज का भारत 2047 तक विकसित बनने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में मोबिलिटी सेक्टर की बहुत बड़ी भूमिका है। ”
उन्होंने कहा, “ भारत इस समय आगे बढ़ रहा है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। ”

