Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना की जांच के लिए समिति की गई गठित 

जम्मू:  जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने डोडा जिले में हुई बस दुर्घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। वहीं, हादसे में घायल एक और यात्री की मौत हो गई, जिससे घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 39 हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। डोडा जिले में बुधवार को यात्रियों से भरी एक बस सड़क से फिसलकर 300 फुट गहरी खाई में गिर गई थी। जिन 20 घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनमें से एक ने बुधवार देर रात दम तोड़ दिया।
मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने बताया कि डोडा जिले के अस्सार के पास हुई दुर्घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। अधिकारी ने बताया कि समिति घटना की जांच कर एक सप्ताह के भीतर कार्यालय को विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपेगी।इस समिति में डॉ. रवि कुमार भारती, अतिरिक्त जिला अधिकारी (एडीएम), डोडा, अधीक्षण अभियंता और सहायक सड़क परिवहन अधिकारी शामिल हैं।स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए जिले में सड़कों की खराब स्थिति के साथ-साथ तेज गति से वाहन चलाने तथा तय सीमा से अधिक भार लादने को जिम्मेदार ठहराया है।
Exit mobile version