Site icon Dainik Savera Times

सांप्रदायिकी तनाव को लेकर स्कूल, कॉलेज व मोबाईल इंटरनेट सेवा बंद

जयपुर: राजस्थान के उदयपुर में एक सरकारी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र द्वारा अपने सहपाठी को चाकू घोंपने के बाद पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के बीच जिले के कई इलाकों में शुक्रवार रात से 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गईं। उदयपुर के सभी सरकारी और निजी स्कूल में आगामी आदेश तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि हमले में घायल छात्र का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और आरोपी छात्र को हिरासत में लिया गया है। दोनों छात्र नाबालिग हैं। उदयपुर जिलाधिकारी अरविंद पोसवाल ने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उदयपुर शहर और उदयपुर विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूल शनिवार से अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

उदयपुर शहर, बेदला, बड़गांव, ब्लीचा, देबारी, एकलिंगपुरा, कानपुर, ढीकली और भुवाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 10 बजे से 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इंटरनेट बंद करने का आदेश संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट ने जारी किया। उदयपुर में शुक्रवार को 10वीं कक्षा के छात्र द्वारा सहपाठी को चाकू घोंपने के बाद सांप्रदायिक तनाव के बीच भीड़ ने कारों में आग लगा दी और पथराव किया।

हालात को देखते हुए शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह घटना भट्टियानी चोहट्टा स्थित सरकारी स्कूल के बाहर हुई। पुलिस ने बताया कि इस घटना के विरोध में कुछ हिंदू संगठनों के सदस्य शहर के मधुबन इलाके में एकत्र हुए। उसने बताया कि भीड़ ने पथराव किया और तीन-चार कारों में आग लगा दी।

शुक्रवार शाम को तनाव बढ़ने पर बापू बाजार, हाथीपोल, घंटाघर, चेतक सर्किल और आसपास के इलाकों में बाजार बंद कर दिए गए। पुलिस के अनुसार, हिंदू संगठनों के लोगों ने बाजारों में दुकानें बंद करवा दीं। कुछ हिंसक तत्वों ने एक शॉपिंग मॉल पर भी पथराव किया, जिसमें दुकानों के कांच के दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, सरकारी अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए और पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया।

Exit mobile version