Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

आतंकवाद के प्रति Congress ने हमेशा अपनाया नरम रूख : Anurag Thakur

November 14, 2023

आतंकवाद के प्रति Congress ने हमेशा अपनाया नरम रूख : Anurag Thakur

रायपुरः केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद से निपटने में हमेशा नरम रुख अपनाया है तथा उसकी गलत नीतियों के कारण देश में आतंकवादी घटनाओं में हजारों लोग मारे गए। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा कार्यालय ‘एकात्म परिसर’ में एक संवाददाता सम्मेलन में ठाकुर ने राज्य में हुए कथित घोटालों को लेकर भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उनका जेल जाना तय है। गाजा पट्टी पर बमबारी में बच्चों की मौत पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बयान के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, मुझे लगता है कि कुछ लोग आतंकवाद का समर्थन करते हैं। कांग्रेस को सत्ता में बने रहने की लालच है। उनकी गलत नीतियों के कारण देश में और कई राज्यों में (आतंकवादी घटनाओं में) हजारों लोगों की मौत हुई है।

आतंकवाद के प्रति कांग्रेस ने हमेशा नरम रुख अपनाया है। जब देश के विभिन्न हिस्सों में विस्फोट होते थे, तो मौनी बाबा मौन धारण करके रहते थे, क्योंकि ‘रिमोट कंट्रोल’ किसी और के हाथ में था। प्रियंका गांधी ने गाजा में इजराइली बमबारी में बड़ी संख्या में बच्चों के मारे जाने की निंदा करते हुए सोमवार को कहा था कि इस तबाही का समर्थन करने वाली सरकारों को शर्म करनी चाहिए। ठाकुर ने कहा, कि जब (मुंबई में) 26/11 का हमला हुआ कांग्रेस के मुख्यमंत्री किसके इशारे पर एक फिल्म डायरेक्टर को सीन पर लेकर चले गए थे। कांग्रेस ने कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की। वे दुनिया के सामने हाथ फैलाकर मांगते थे कि आतंकवादियों से बचा लो। घुसपैठ से बचाओ।

उन्होंने कहा, कि आज नरेन्द्र मोदी की सरकार है, वह सर्जिकल स्ट्राइक करती है, ऐसे में आतंकवाद फैलाने वाला तथा घुसपैठ करवाने वाला आज दुनिया में गुहार लगाता है कि हमें बचा लो। यह अंतर आया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, कि जब इजराइल में आतंकवादी हमला हुआ तब हमने उसकी घोर निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात भी की। हम चाहते हैं कि दुनिया भर में शांति हो। चाहे रूस-यूक्रेन की बात हो, भारत सदा शांति चाहता है लेकिन वह आतंकवाद को जड़ से मिटाना भी चाहता है। ठाकुर ने 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा किए गए विभिन्न वादों को पूरा नहीं करने के लिए भूपेश बघेल सरकार की आलोचना की हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें