Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस के इस नेता ने कर दी बड़ी मांग, मोदी रिटायर हों तो नितिन गडकरी बनें पीएम, कहा- वह देश को विकसित करने की सोच रखते हैं

July 13, 2025

कांग्रेस के इस नेता ने कर दी बड़ी मांग, मोदी रिटायर हों तो नितिन गडकरी बनें पीएम, कहा- वह देश को विकसित करने की सोच रखते हैं

नेशनल डेस्क। कर्नाटक के कांग्रेस विधायक बेलूर गोपालकृष्ण ने कहा है कि नितिन गडकरी देश के अगले प्रधानमंत्री बनने के लायक हैं। उन्होंने यह बात आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान के बाद कही, जिसमें नेताओं को 75 साल की उम्र में पद छोड़ने की सलाह दी गई थी। विधायक गोपालकृष्ण ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल की उम्र में पद छोड़ते हैं, तो नितिन गडकरी उनके सबसे अच्छे उत्तराधिकारी हो सकते हैं। उन्होंने कहा “गडकरी जी ने देश के विकास के लिए बहुत अच्छा काम किया है, खासकर सड़कों और राजमार्गों के क्षेत्र में। वो आम लोगों से जुड़े हुए हैं और देश की जनता उनके काम और सोच को जानती है।”

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने दिया था ये बयान

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने हाल ही में नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही थी कि 75 साल के बाद नेताओं को पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने संघ के एक पुराने विचारक मोरोपंत पिंगले का उदाहरण दिया, जिन्होंने 75 की उम्र के बाद पद से हटने का फैसला लिया था। पीएम मोदी इस साल 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे, जबकि नितिन गडकरी 27 मई को 68 साल के हो चुके हैं। इसका मतलब है कि गडकरी के पास प्रधानमंत्री बनने पर 7 साल तक काम करने का मौका होगा।

गडकरी की सोच को बताया गरीबों के हित में

गोपालकृष्ण ने गडकरी के एक पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने देश में अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती खाई पर चिंता जताई थी। विधायक ने कहा “गडकरी के विचारों से लगता है कि वे गरीबों की चिंता करते हैं और उनके पास देश के विकास की एक साफ और अच्छी योजना है। ऐसे ही सोच वाले लोगों को प्रधानमंत्री बनना चाहिए।”

 येदियुरप्पा का दिया उदाहरण

विधायक ने पूर्व कर्नाटक मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि 75 साल की उम्र पूरी होने के बाद उन्हें जबरन इस्तीफा देना पड़ा, जबकि वे भाजपा के बड़े नेता थे और पार्टी को राज्य में सत्ता तक पहुंचाया था। उन्होंने सवाल उठाया “जब येदियुरप्पा जी को उम्र के कारण हटाया गया, तो मोदी जी को क्यों नहीं हटाया जाएगा? क्या येदियुरप्पा को मोदी जी के कहने पर नहीं हटाया गया था?” गोपालकृष्ण ने साफ किया कि उनकी पार्टी (कांग्रेस) का कोई नेता मोदी जी को हटाने की बात नहीं कर रहा है, लेकिन मोहन भागवत के बयान के बाद यह चर्चा जरूरी हो गई है।

गडकरी को मिलना चाहिए मौका

कांग्रेस विधायक के अनुसार, अगर 75 साल के नियम को सभी नेताओं पर लागू किया जाए, तो नितिन गडकरी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गडकरी की सोच देश के विकास के लिए लाभदायक है और वे आम जनता के लिए एक सशक्त नेता साबित हो सकते हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें