Site icon Dainik Savera Times

संसद में पालतू कुत्ता लेकर पहुंची कांग्रेस MP रेणुका चौधरी, BJP ने बोला हमला

नेशनल डेस्कः संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन आज यानी 1 दिसंबर को कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी अपनी गाड़ी में अपने पालतू कुत्ते को लेकर संसद पहुंची, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस MP का वीडियो वायरल होते ही बीजेपी ने जमकर हमला बोला है। बीजेपी ने इसे संसद की गरिमा से खिलवाड़ बताया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, रेणुका चौधरी अपनी कार से संसद परिसर पहुंची। जब मीडियाकर्मी उनसे बातचीत करने के लिए आए, तो उन्हें कार में कु्त्ता बैठा दिखाई दिया। रेणुका कार से उतरकर आगे बढ़ गईं, लेकिन उसमें बैठा कुत्ता चर्चा का केंद्र बन गया। जब पत्रकारों ने रेणुका चौधरी से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि सरकार को शायद जानवरों का अंदर रहना पसंद न हो। इसमें दिक्कत क्या है? यह इतना छोटा जीव है। यह काटता नहीं है।

दूसरी ओर इस मामले पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी और रेणुका चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जगदंबिका पाल ने कहा कि अगर सांसद को कुछ विशेषाधिकार मिलता है, तो उसका दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए।

रेणुका चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद के बाहर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक महीने के तय सत्र को घटाकर महज 15 दिन क्यों कर दिया गया? उन्होंने कहा कि आप क्यों घबरा रहे हैं कि हम हाउस में क्या मुद्दे उठाएंगे? क्या मुद्दे कम थे? फिर सत्र छोटा क्यों किया गया?

Exit mobile version