Congress to launch agitation for IMT and water agreement : महेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक रविवार को यादव धर्मशाला, महेंद्रगढ़ में जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें जिले के सभी 8 ब्लॉक अध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।
संगठन मजबूती पर कांग्रेस का फोकस
इसमें संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। इसके बाद जिला अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस जल्द ही गांव-गांव, गली-मोहल्लों और शहरों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ेगी। इसके लिए जिला उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, ब्लॉक अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने बताया कि बैठक में तीन प्रमुख जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करने का फैसला लिया गया।
जलभराव के खिलाफ सड़क पर कांग्रेस
पहला, महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव खुड़ाना में वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा किए गए आईएमटी के शिलान्यास के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि छह वर्ष बीत जाने के बाद भी परियोजना पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। दूसरा, बरसात के दौरान महेंद्रगढ़ शहर में जलभराव, टूटी सड़कों और बदहाल जल निकासी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। जिला अध्यक्ष ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में बारिश के बाद जलभराव से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मच्छरों के बढ़ने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
पानी के मुद्दे पर सरकार घेरने की तैयारी
तीसरे मुद्दे के रूप में हरियाणा और राजस्थान के बीच हुए जल समझौते का विरोध करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा पहले से ही गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। ऐसे में हरियाणा का पानी राजस्थान को दिए जाने का फैसला क्षेत्र के हितों के विपरीत है और कांग्रेस इस निर्णय को वापस लेने की मांग करेगी। जिला अध्यक्ष ने स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान खुड़ाना आईएमटी का कार्य शीघ्र शुरू कराने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक परियोजना पर कोई उल्लेखनीय प्रगति दिखाई नहीं दी। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास कार्यों का जवाब मांग रही है।
Also Read :

