Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chhattisgarh में Congress की हार तय, BJP सरकार प्रदेश की होगी समृद्धि की सरकार : PM Modi

November 15, 2023

Chhattisgarh में Congress की हार तय, BJP सरकार प्रदेश की होगी समृद्धि की सरकार : PM Modi

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ विधान सभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार होने का दावा करते हुए राज्य की जनता से यह वादा किया है कि छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि राज्य में आने वाली बीजेपी सरकार उनकी आकांक्षाओं और प्रदेश की समृद्धि की सरकार होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक्स पर अपने चुनाव प्रचार अभियान के अनुभव को साझा करते हुए पोस्ट कर कहा, ‘छत्तीसगढ़ में इस बार चुनाव अभियान के दौरान मेरे अनुभव बहुत ही अद्भुत रहे, अभूतपूर्व रहे। कहा जाता है छत्तीसगढ़िया..सबसे बढ़िया। मैंने इसकी प्रतिध्वनि चारों तरफ महसूस की। छत्तीसगढ़ के परिश्रमी लोग अपने राज्य को और बेहतर बनाने के लिए, सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए नई उम्मीदों और नई ऊर्ज से भरे हुए हैं। वो जानते हैं कि कुशासन और भ्रष्टाचार के शिकंजे से अगर कोई छत्तीसगढ़ को निकाल सकता है, तो वो भाजपा ही है। भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी।‘

छत्तीसगढ़ की स्थापना के अगले कुछ सालों में 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि ‘अगले कुछ साल में छत्तीसगढ़ अपने 25 साल पूरे कर रहा है। आज राज्य में जो नौजवान हैं, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं, वो एक समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अगले 25 वर्षों में विकसित भारत के संकल्प के साथ ही उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ का भी संकल्प लिया है। वो अपने जीवन के अगले 25 वर्ष, विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत के संकल्प को समर्पति करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। जिस तरह राज्य के एससी, एसटी, ओबीसी वर्गों के युवा हमारे विकास मॉडल के साथ जुड़ रहे हैं, वो बहुत उत्साहित करने वाला है।

छत्तीसगढ़ के युवाओं की ये शक्ति, परिवर्तन का नया अध्याय लिखने वाली है। छत्तीसगढ़ की महतारी, हमारी बहनों-बेटियों ने भी राज्य के विकास की ध्वजा पताका खुद उठा ली है। आज भारत जिस तरह महिला सशक्तिकरण के लिए प्रयास कर रहा है, उसका प्रभाव हमें छत्तीसगढ़ में भी दिखता है।‘ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की हार की भविष्यवाणी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘इस चुनाव में कांग्रेस की करारी हार तय है। जनता, भाजपा के सुशासन पर विश्वास कर रही है, कांग्रेस के खोखले वादों पर नहीं। भाजपा अपने हर संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, वचनबद्ध है। मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि राज्य में आने वाली बीजेपी सरकार आपकी आकांक्षाओं और प्रदेश की समृद्धि की सरकार होगी।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें