कोलकाता : कोलकाता के पास साल्ट लेक स्टेडियम के वीवीआईपी गेट के बाहर स्थित एक विवादास्पद प्रतिमा को पश्चिम बंगाल सरकार के निर्देशों के बाद शनिवार ध्वस्त कर दिया गया। साल्ट लेक स्टेडियम को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन के नाम से भी जाना जाता है। राज्य के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने घोषणा की थी कि उक्त प्रतिमा को स्टेडियम परिसर से हटा दिया जाएगा।
कई फुटबॉल प्रेमियों ने इस प्रतिमा को अजीब और अर्थहीन बताकर इसकी आलोचना की थी। यह प्रतिमा 2017 में साल्ट लेक स्टेडियम के नवीनीकरण के दौरान स्थापित की गई थी। इसमें धड़ का निचला हिस्सा दिखाया गया था, जिसके ऊपर एक फुटबॉल रखी हुई थी, जिस पर बिस्व बांग्ला का लोगो बनाया गया था।
प्रतिमा के दोनों पैरों के ऊपर भी फुटबॉल रखी गई थी, जिनमें से एक पर ‘जॉयी’ शब्द लिखा हुआ था। बताया जाता है कि प्रतिमा की डिजाइन की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की थी। सॉल्ट लेक स्टेडियम में 17 मई को आयोजित मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के डर्बी मुकाबले में शामिल हुए प्रमाणिक ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान प्रतिमा की कड़ी आलोचना की थी।

