नेशनल डेस्क: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी अपने एक बयान की वजह से राजनीतिक विवाद में घिर गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने हिंदू धर्म और देवताओं को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसे कई लोग असम्मानजनक मान रहे हैं। भाजपा और बीआरएस ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे तुरंत माफी मांगने को कहा है।
दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान रेवंत रेड्डी ने कहा कि हिंदू कितने देवताओं में विश्वास करते हैं क्या तीन करोड़? उन्होंने आगे कहा कि अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग भगवान हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुंवारे लोगों के लिए हनुमान हैं, दो बार शादी करने वालों के लिए अलग भगवान हैं, शराब पीने वालों के लिए अलग देवता हैं। मुर्गी की बलि, दाल-चावल, हर चीज़ के लिए अलग-अलग भगवान हैं। इस टिप्पणी ने हिंदू धार्मिक मान्यताओं को लेकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया।
ये भी पढ़ें: Donald Trump की कड़ी चेतावनी: वेनेजुएला के ड्रग तस्करों पर जल्द हमला करेगा अमेरिका
टिप्पणी सामने आने के बाद भाजपा और बीआरएस ने कहा कि यह हिंदुओं की आस्था का मजाक उड़ाने जैसा है। भाजपा नेताओं ने इसे जानबूझकर दिया गया बयान बताया और कहा कि मुख्यमंत्री को खुले मंच पर माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के केंद्रीय मंत्री और राज्य के पूर्व अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया पर रेवंत रेड्डी और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से हिंदुओं की भावनाओं का अपमान करती रही है और अब मुख्यमंत्री के बयान ने यह बात फिर साबित कर दी है। रेवंत रेड्डी पहले भी कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी बता चुके हैं, जिससे उनकी सोच साफ नजर आती है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही चेतावनी दे चुकी थी कि अगर कांग्रेस या बीआरएस सत्ता में आते हैं, तो हिंदुओं की सुरक्षा और सम्मान पर खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने हिंदू समुदाय से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह समय अपने धर्म और देवी-देवताओं के सम्मान की रक्षा के लिए खड़े होने का है।
इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी रामचंद्र राव ने मुख्यमंत्री के खिलाफ राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि जब तक रेवंत रेड्डी बिना शर्त माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं बीआरएस नेताओं ने भी मुख्यमंत्री की टिप्पणी की आलोचना की है और उनसे बयान वापस लेने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: Weather Update : पंजाब में बढ़ी ठंड, कई जिलों में गिरा तापमान; 5 दिसंबर तक येलो अलर्ट

