Khan Sir FIR: पटना में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी मामले में बदल गया है। खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान, जिन्हें छात्र खान सर के नाम से जानते हैं, की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो की जांच के बाद पटना पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
यह भी पढ़ें-
Indian currency: क्या हमेशा से भारतीय नोटों पर छपती थी गांधी जी की तस्वीर? जानें कब और क्यों हुआ बदलाव
सीएम डीके शिवकुमार को लगा बड़ा झटका, मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने दिया इस्तीफा… कर्नाटक कांग्रेस में फूट
कैसे हुई विवाद की शुरूआत
यह पूरा मामला खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा से जुड़ा बताया जा रहा है। विवाद की शुरुआत 27 मई को बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम आने के बाद हुई। रिजल्ट जारी होने के बाद दोनों संस्थानों ने दावा किया कि उनके यहां से सबसे ज्यादा छात्रों का चयन हुआ है। इसके बाद दोनों कोचिंग संस्थानों ने सफल छात्रों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए और शहर में बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए।
आरोप है कि इसी दौरान खान ग्लोबल स्टडीज के कुछ कर्मचारियों ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर अपना प्रचार बैनर लगा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। बाद में 2 और 3 जून की रात दोनों गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं।
रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू
शुरुआत में खान सर ने आरोप लगाया था कि उनके कोचिंग संस्थान पर हमला किया गया और फायरिंग की गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद उनके संस्थान के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने सड़कों पर उतरकर रौशन आनंद की रिहाई की मांग की और कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल हुआ, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। वीडियो में कथित रूप से खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड फायरिंग करते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज पहुंचकर जांच शुरू की और खान सर के दो गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों गार्डों के हथियार जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने फैजल खान के खिलाफ कदमकुआं थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अब इस मामले में सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे क्या कदम उठाती है और क्या खान सर से पूछताछ या अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

