Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

भ्रष्ट कांग्रेस ने गरीबों की जरूरतों को नजरअंदाज किया, मैंने उसके लूट के लाइसैंस को खत्म किया : मोदी

April 9, 2024

भ्रष्ट कांग्रेस ने गरीबों की जरूरतों को नजरअंदाज किया, मैंने उसके लूट के लाइसैंस को खत्म किया : मोदी

जगदलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने आजादी के बाद से दशकों तक गरीबों की जरूरतों को नजरअंदाज किया और कभी उनका दर्द नहीं समझा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौर में भ्रष्टाचार देश की पहचान बन गई थी लेकिन उन्होंने कांग्रेस के लूट के लाइसैंस को खत्म कर दिया है। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के छोटे अमाबाल गांव में ‘विजय संकल्प शंखनाद’ रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर गरीबों की जरूरतों और आजादी के बाद दशकों तक उनके दर्द को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने तुष्टिकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में मुस्लिम लीग की छाप है।

यह रैली भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप (बस्तर लोकसभा सीट) और भोजराज नाग (कांकेर लोकसभा सीट) के समर्थन में आयोजित की गई थी। पिछले वर्ष राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के बाद छत्तीसगढ़ में यह मोदी की पहली जनसभा थी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा, कांग्रेस की सरकार के समय भ्रष्टाचार ही देश की पहचान बन गई थी और भ्रष्टाचार से अगर सबसे ज्यादा नुक्सान किसी का होता है तो गरीब का नुक्सान होता है। भ्रष्टाचार गरीब का हक मारता है। 2014 से पहले लाखों करोड़ रुपए के घोटाले होते थे।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस की सरकार में दिल्ली से एक रुपया भेजा जाता था तो सिर्फ 15 पैसा गांव तक पहुंचता था। यह मैं नहीं कह रहा हूं, कांग्रेस के ही प्रधानमंत्री (पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र) ने कहा था कि दिल्ली से हम एक रुपए भेजते हैं तो 15 पैसा ही पहुंचता है। अरे भाई, बताओ न वह कौन पंजा था जो 85 पैसे मार लेता था।’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मोदी ने कांग्रेस की लूट की इस व्यवस्था को बंद कर दिया है। भाजपा सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में 34 लाख करोड़ रुपए सीधे लाभाíथयों के बैंक खातों में भेजा है।

दिल्ली से एक रुपए भेजा गया और पूरे 100 पैसे गरीब के खातों में जमा हो गए। एक रुपए भेजने पर 85 पैसे गायब होने के जादू का खेल बंद हो गया है। मोदी ने कहा कि अब पैसे सीधे लोगों के बैंक खाते में जाते हैं और एक भी पैसा कांग्रेस लूट नहीं पाई। उन्होंने कहा कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार होती तो गरीबों के 34 लाख करोड़ रुपए में से 28 लाख करोड़ रुपए लूट लिए जाते।

उन्होंने कहा, आजादी के बाद से कांग्रेस समझती थी कि उसे देश को लूटने का लाइसैंस मिला हुआ है। 2014 में सरकार में आने के बाद मोदी ने कांग्रेस की लूट का लाइसैंस खत्म कर दिया। मोदी यह लाइसैंस इसलिए कैंसिल कर पाया क्योंकि आपने मोदी को लाइसैंस दिया है। छत्तीसगढ़ की 11 सीट के लिए 3 चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को मतदान होगा। बस्तर में 19 और कांकेर में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें