नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला मादक पदार्थ निरोधक टीम ने नकली नोट तैयार करने और बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 18 लाख 23 हजार 800 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इनमें 500 और 100 रुपये के तैयार तथा अधबने नोट शामिल हैं। मौके से लैपटॉप, हार्ड डिस्क और नोट छापने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को जनकपुरी के सी-2सी ब्लॉक में गश्त के दौरान संदिग्ध युवक अंकित कुमार (25) को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 500 रुपये के 250 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 1.25 लाख रुपये थी। पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसने नकली नोट पटेल नगर निवासी गगनदीप सिंह उर्फ मन्नी और कुलवंत सिंह उर्फ काके से लिए थे।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बलजीत नगर स्थित उनके किराए के कमरे पर छापा मारा। वहां से 16 लाख 98 हजार 800 रुपये के तैयार और अधबने नकली नोट बरामद हुए। जांच के दौरान मकान मालिक अमित को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि वह नकली नोट बनाने की गतिविधियों से परिचित था और बाद में स्वयं भी इसमें शामिल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, गगनदीप को छपाई का अनुभव था, जबकि कुलवंत को चित्रांकन और कंप्यूटर आधारित डिजाइन की जानकारी थी। दोनों ने मिलकर नकली नोट तैयार करने का काम शुरू किया था।पुलिस ने रंगीन मुद्रक, छपाई की स्याही, सुरक्षा धागे की सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। गिरोह के अन्य संपर्कों और नकली नोटों की आपूर्ति के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

