Site icon Dainik Savera Times

Delhi: सौरव दास और आशुतोष रांका को झटका, कोर्ट ने दो दिन और बढ़ाई न्यायिक हिरासत

Court extends judicial custody of Saurav Das Ashutosh Ranka by two more days

Court extends judicial custody of Saurav Das Ashutosh Ranka by two more days

नई दिल्ली: जंतर-मंतर अतिक्रमण मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन की और बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) ने दोनों की न्यायिक हिरासत को दो दिन के लिए बढ़ाने का आदेश दिया है।

इससे पहले सोमवार को सौरव दास और आशुतोष रांका को उनकी पांच दिन की न्यायिक हिरासत समाप्त होने के बाद एसईएम कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान सीजेपी की कानूनी मामलों की प्रमुख और अधिवक्ता रत्ना सिंह ने दोनों नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की थी।

रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा था कि न्यायिक हिरासत बढ़ाने का कोई आधार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकारी पक्ष की ओर से कानून के आधार पर कोई ठोस तर्क पेश नहीं किया गया और सुनवाई के दौरान केवल अनुमान आधारित दलीलें दी गईं। उन्होंने दोनों नेताओं को रिहा करने की मांग की थी।

सौरव दास और आशुतोष रांका को 14 अक्टूबर को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। उन पर 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर में अनधिकृत तरीके से प्रवेश करने और पुलिसकर्मियों के कार्य में बाधा डालने का आरोप है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सीजेपी के कुछ कार्यकर्ता निजी परिसर के रास्ते प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे थे। पुलिस ने अदालत से कहा था कि कानून के बार-बार उल्लंघन और भविष्य में फिर ऐसा करने की आशंका को देखते हुए हिरासत आवश्यक है।

मामले में सीजेपी सदस्य अजिंक्य शिंदे को पहले ही व्यक्तिगत मुचलके पर रिहा किया जा चुका है। उन्हें छह महीने तक शांति और सदाचार बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। अब मामले की अगली सुनवाई दो दिन बाद होने की संभावना है। ऐसे में अब सीजेपी के दोनों नेताओं को बाहर आने के लिए कम से कम दो दिन और इंतजार करना पड़ेगा।

Exit mobile version