Site icon Dainik Savera Times

कोर्ट ने किया स्पष्ट, आम आदमीं पार्टी ने नहीं किया कोई भी घोटाला: MP Sanjay Singh

नई दिल्ली (अमन) : शराब घोटाला मामले में आज आप सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कोर्ट से साफ़ हो गया है कि कोई घोटाला नहीं हुआ है, यह एक मनगढ़ंत घोटाला था इस पर बीजेपी को माफ़ी माँगनी चाहिए।

दरअसल दो दिन पहले राउज एवेन्यू कोर्ट की आब्जर्वेशन आने के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से बीजेपी पर लगातार हमला बोला जा रहा है। एक दिन पहले ही आतिशी ने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा था कि कोर्ट में यह साफ़ हो गया है कि ईडी और सीबीआई के पास कोई भी ऐसा सबूत नहीं है जिससे यह साबित हो सके की आम आदमीं पार्टी द्वारा कोई घोटाला हुआ है। उसके बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि हम पहले दिन से कहते आये हैं कि शराब घोटाला झूठा है। आज आम आदमीं पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

सांसद संजय सिंह ने इस मामले में केंद्र सरकार और बीजेपी दोनों को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले हवा में ही इस घोटाले और जांच की बात करते थे ED और सीबीआई ने शुरू में ही कह दिया कि 100 करोड़ का घोटाला है, लेकिन चार्जशीट में 30 करोड़ की बात कही गई। वो भी यह कि तीस करोड़ राजेश जोशी के जरिए गोवा चुनाव में खर्च किए गए। छह महीने से ED सीबीआई पूरा विभाग गोवा में लगा रहा और फिर कोर्ट में कहा गया कि गोवा चुनाव में सिर्फ 19 लाख रुपये कैश में आप द्वारा खर्च किए गए। इसके बाद कोर्ट ने दो लोगों गौतम मल्होत्रा और राजेश जोशी को जमानत दे दी।

संजय सिंह ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को माफी मांगनी चाहिए हम पहले दिन से कह रहे हैं कि इसका कोई सबूत नहीं है, लेकिन जबरदस्ती प्रमाण बनाया जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि किसी तरह का कोई घोटाला नहीं हुआ है आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम किया जा रहा है लेकिन बीजेपी का यह षड्यंत्र चल नहीं पाएगा। आम आदमी पार्टी पूरी ईमानदारी से जैसे काम कर रही थी वैसे ही करती रहेगी।

Exit mobile version