Crime news: झारखंड के साहिबगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही नाबालिग बेटे की हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बेटा मां के अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था, जिसके चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
यह मामला बरहड़वा थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव का है। मृतक के पिता हेमंत साहा ने बेटे के लापता होने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। घटना 7 फरवरी की रात की बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य हत्या मानकर जांच शुरू की गई, लेकिन पुलिस की पड़ताल में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
ये भी पढ़ें- देशभर में कल पब्लिक हॉलिडे का ऐलान, जानें कहां-कहां बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज?
मां के संबंधों का किया था विरोध
बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक आयुष कुमार ने अपनी मां मीनू देवी को उसके प्रेमी रोहित साहा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। रोहित साहा रिश्ते में महिला का भांजा लगता है। इस घटना के बाद आयुष अपनी मां के संबंधों का विरोध करने लगा था और उसे उजागर करने की बात कह रहा था।
संबंधों के खुलासे के डर से की हत्या
पुलिस के अनुसार, संबंधों के खुलासे के डर से मीनू देवी और रोहित साहा ने मिलकर हत्या की साजिश रची। 7 फरवरी की रात दोनों ने कथित तौर पर आयुष का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गांव के पास एक तालाब किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। लोगों को गुमराह करने के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की कहानी गढ़ी गई।
ये भी पढ़ें- Google Pixel 9a पर भारी छूट, नए मॉडल लॉन्च से पहले कीमत में आई बड़ी गिरावट, देखें डील
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर गला घोंटने और नाखून के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। पूछताछ में दोनों आरोपी टूट गए और अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले की गहन जांच जारी
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव में मातृत्व और रिश्तों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में राज्य के अन्य हिस्सों में भी अवैध संबंधों से जुड़े अपराध सामने आए हैं, जिससे सामाजिक ताने-बाने और पारिवारिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

