Site icon Dainik Savera Times

बीजापुर में IED विस्फोट में CRPF जवान घायल

Chhattisgarh

Chhattisgarh

बीजापुर : Chhattisgarh के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा इकाई का एक जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह विस्फोट शुक्रवार शाम को हुआ जब कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेज़ोल्यूट एक्शन) की 202वीं बटालियन की एक टीम अपने नम्बी शिविर से गश्त के लिए निकली थी। उन्होंने बताया कि जब गश्ती दल जंगल की घेराबंदी कर रहा था तो कांस्टेबल अरुण कुमार यादव का पैर गलती से आईईडी पर पड़ गया, जिससे विस्फोट हो गया।

बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान यादव को बीजापुर लाया गया तथा बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि जवान की हालत सामान्य है तथा वह खतरे से बाहर है। बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए नक्सली अक्सर सड़कों और जंगल में कच्ची पगडंडियों पर बारूदी सुरंग लगाते हैं। इस क्षेत्र में पहले भी नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी बम की चपेट में आने से सुरक्षाबल के जवानों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है। इससे पहले दंतेवाड़ा जिले में 11 फरवरी को प्रेशर बम की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान घायल हो गया था। बीजापुर जिले में चार फरवरी को इसी तरह के विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इससे पहले 17 जनवरी को नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दो जवान घायल हो गए थे तथा 16 जनवरी को बीजापुर में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम में विस्फोट होने से सीआरपीएफ कोबरा के दो कमांडो घायल हो गए थे।

Exit mobile version