Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

साइबर पुलिस ने पैन-इंडिया फर्जी वैवाहिक साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़; एक महिला सहित कई आरोपी गिरफ़्तार

September 16, 2026

साइबर पुलिस ने पैन-इंडिया फर्जी वैवाहिक साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़; एक महिला सहित कई आरोपी गिरफ़्तार

नई दिल्ली : केंद्रीय जिला साइबर पुलिस ने आगरा में चल रहे एक पैन-इंडिया फर्जी वैवाहिक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अधिवक्ता अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक फर्जी वैवाहिक पोर्टल की आड़ में देशभर के शादी के इच्छुक पुरुषों को निशाना बनाकर ठगी कर रहा था। पुलिस ने गिरोह के संचालन में शामिल एक महिला सहित कई आरोपियों को भी पकड़ा है।

जांच के अनुसार, आरोपी शादी पार्टनर डॉट कॉम के नाम से संचालित पोर्टल के जरिए पुरुषों को आकर्षक युवतियों की तस्वीरें भेजते थे। पसंद आने पर महिला कर्मचारियों द्वारा संभावित दुल्हन बनकर फोन पर बातचीत कराई जाती थी। इसके बाद पंजीकरण, प्रोफाइल सक्रिय करने, संपर्क खोलने और अन्य शुल्क के नाम पर 2,500 से 15,000 रुपये तक वसूले जाते थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह की रणनीति ‘कम रकम की ठगी, ज्यादा लोगों को शिकार’ करने की थी।

एक पीड़ित से अधिकतम 15 हजार रुपये लेने की हिदायत थी, ताकि वह बड़ी ठगी का शिकार होने का एहसास न कर सके। ठगी के बाद शादी का रिश्ता कभी कुंडली दोष तो कभी परिवार की असहमति बताकर रद्द कर दिया जाता था।मामले की जांच राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद शुरू हुई। 4 सितंबर को आगरा के सिकंदरा स्थित एक अपार्टमेंट में चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारकर महिला प्रबंधक और आठ महिला टेली-कॉलर को पकड़ा गया।

पूछताछ में कथित मास्टरमाइंड अधिवक्ता अमित कुमार का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार अमित ने खुद को केवल कानूनी सलाहकार दिखाकर महिला के नाम पर फर्म और बैंक खाते संचालित कराए थे। छापे के बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया, लेकिन तकनीकी निगरानी के जरिए उसे 8 सितंबर को आगरा के काला कुंज इलाके में कार से पकड़ लिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें