Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Cyclone Arnab Alert: झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी, रांची-लोहरदगा में 2 दिन स्कूल बंद, कई ट्रेनें रद्द

October 28, 2026

Cyclone Arnab Alert: झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी, रांची-लोहरदगा में 2 दिन स्कूल बंद, कई ट्रेनें रद्द

Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

तूफान के प्रभाव से राज्य के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। एहतियातन रांची और लोहरदगा जिले में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। रांची में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए हैं और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत राज्य के कई अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और बारिश होने की सूचना है।

ये भी पढ़ें- UP MLC elections: कई सीटों पर कड़ी टक्कर के बीच मतगणना जारी, BJP ने 4 सीटों पर जमाया कब्जा, वाराणसी में जीती सपा

 

कई इलाकों में भारी बारिश
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड की भौगोलिक स्थिति के कारण चक्रवात का असर सबसे पहले सिंहभूम क्षेत्र में दिखेगा। इसके बाद राज्य के दूसरे हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चक्रवात ‘अर्नब’ बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के दक्षिण में तट पार करने की संभावना जताई गई थी। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था।

अलर्ट पर रखी कई टीमें
मौसम की स्थिति को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। बिजली विभाग के कंट्रोल रूम और रांची नगर निगम की त्वरित कार्रवाई टीम को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने या जलजमाव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

ये भी पढ़ें- 17 कैदियों के फरार होने के बाद तमिलनाडु में सख्ती, सभी जेलों में तैनात होंगे हथियारबंद गार्ड

 

कई ट्रेनें रद्द
रेलवे ने भी चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं। रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, झारखंड से होकर गुजरने वाली या यहां से चलने वाली कम से कम आधा दर्जन ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है।

पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज हवा और गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचें। जलजमाव वाले रास्तों पर सावधानी बरतें और मौसम विभाग की चेतावनियों तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसानों को कटी हुई फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें