
Cyclone Ditwah : साइक्लोन दितवाह के प्रभाव के कारण तमिलनाडु में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। आपको बता दें कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम के बिगड़ते रुख को देखते हुए चेन्नई, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम जिलों के सभी स्कूल और कॉलेजों को एहतियातन एक दिन के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। प्रशासन का कहना है कि तेज बारिश और संभावित जलभराव को देखते हुए यह कदम छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है।
राज्य सरकार ने लोगों से की अपील
राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता घरों से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। डिजास्टर मैनेजमेंट टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। तमिलनाडु के आपदा प्रबंधन मंत्री के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन के अनुसार, अब तक मौसम से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
कई क्षेत्रों में भीषण बाढ़ और टूटे ढांचे
उधर, श्रीलंका में साइक्लोन दितवाह का असर कहीं अधिक विनाशकारी रहा। वहां कई क्षेत्रों में भीषण बाढ़ और टूटे ढांचे देखने को मिले हैं। अब तक 300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग अपने घरों से बेदखल हो गए हैं। कोलंबो समेत कई इलाके राहत और बचाव कार्यों के इंतजार में हैं।
पड़ोसी देश की मदद के लिए बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाया
भारत ने पड़ोसी देश की मदद के लिए बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाया है। ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारतीय नौसेना ने 53 टन राहत सामग्री श्रीलंका भेजी है। INS विक्रांत के चेतक हेलीकॉप्टर और भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों ने श्रीलंकाई वायुसेना के साथ मिलकर संयुक्त बचाव अभियान चलाया, जिसके जरिए गर्भवती महिलाओं, बच्चों और गंभीर रूप से घायल लोगों सहित सैकड़ों नागरिकों को एयरलिफ्ट किया गया।
भारत द्वारा बचाए गए लोगों में श्रीलंका सहित कई देशों जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, ईरान और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल थे। दोनों देशों की एजेंसियां मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज गति से जारी रखे हुए हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...