D-Company ransom threat: मुंबई में एक कारोबारी से डी कंपनी के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कारोबारी मोहम्मद फारूक मोहम्मद हनीफ शेख ने इस मामले में मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में बिल्डर रिजवी की पत्नी रुबीना रिजवी और गुंडे रियाज भाटी पर आरोप लगाए गए हैं।
कारोबारी का आरोप है कि रुबीना रिजवी ने उनसे वकील की फीस और रिजवी के एंटीसिपेटरी बेल मामले में एनओसी को लेकर संपर्क किया था। कारोबारी ने रिजवी का मामला अपने परिचित एडवोकेट को सौंपा था। आरोप है कि वकील ने हाईकोर्ट से अंतरिम राहत दिलवाई लेकिन तय फीस का भुगतान नहीं किया गया।
NOC देने का बनाया दबाव
कारोबारी के मुताबिक, 19 सितंबर को रुबीना ने उन्हें खार स्थित अपने घर बुलाया था। इसके बाद 25 सितंबर को दोबारा एनओसी मांगने के लिए संपर्क किया। इसी दौरान फीस को लेकर विवाद हुआ।
ये भी पढ़ें- हार्दिक पंड्या का फैमिली टाइम! बेटे और गर्लफ्रेंड संग गार्डन में की मस्ती, तस्वीरें वायरल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद रुबीना ने 4 से 5 लोगों को एडवोकेट के फोर्ट स्थित ऑफिस भेजा। कारोबारी ने इन लोगों को गुंडा बताते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने वकील को धमकाया और रिजवी के मामले में एनओसी देने का दबाव बनाया।
रियाज भाटी ने खुद को डी कंपनी का सदस्य
कारोबारी की शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर को रियाज भाटी नाम का शख्स उनके फोर्ट स्थित होटल हेवन पहुंचा, उसने खुद को डी कंपनी का सदस्य बताया और कहा कि रुबीना ने उसे उनसे बात करने के लिए भेजा है।
आरोप है कि रियाज भाटी ने कारोबारी को धमकी देते हुए कहा कि अगर रिजवी के मामले में एनओसी नहीं दी गई तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। इसके बाद उसने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की और कहा कि पैसे देने पर वह पूरा मामला खत्म कर देगा, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंचने पर भागा कारोबारी
कारोबारी का आरोप है कि रियाज भाटी उन्हें जबरन होटल से नीचे ले गया और रुबीना रिजवी के घर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद कारोबारी वहां से निकलने में कामयाब हुए।
ये भी पढ़ें- इटली के एलेट्रा 2.0 प्रोजेक्ट में भारत करेगा 70 लाख यूरो से ज्यादा का निवेश: डॉ. जितेंद्र सिंह
शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर को शाम 5 बजे रुबीना रिजवी ने कारोबारी को फोन किया और कथित तौर पर कहा कि डी कंपनी में उसके अच्छे संबंध हैं। अगर एनओसी नहीं दी गई तो डी कंपनी के जरिए उनकी हत्या करा दी जाएगी।
पुलिस सुरक्षा की मांग
कारोबारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है। उन्होंने पुलिस से संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, फोन कॉल डिटेल्स, मैसेज और सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ पुलिस सुरक्षा देने की मांग की है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने रुबीना रिजवी को नोटिस जारी कर 17 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।

