Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

दलबीर सिंह गोल्डी की घर वापसी, भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में हुए शामिल

April 12, 2025

दलबीर सिंह गोल्डी की घर वापसी, भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में हुए शामिल

चंडीगढ़। पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी शनिवार को यहां कांग्रेस महासचिव तथा पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में पार्टी में लौट आए। पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस संबंध में जानकारी साझा की। वडिंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, छोटे भाई दलवीर सिंह गोल्डी जी का पार्टी में तहे दिल से स्वागत है। वह आज कांग्रेस महासचिव और पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल जी और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा जी की मौजूदगी में औपचारिक रूप से पंजाब कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल यहां दो दिवसीय दौरे पर हैं और पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें कर रहे हैं। गोल्डी पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए थे।

 

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में संगरूर लोकसभा सीट से पार्टी का टिकट न मिलने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, गोल्डी कुछ महीने बाद आम आदमी पार्टी से भी अलग हो गए थे। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में धुरी सीट से ‘आप’ के भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने संगरूर से 2022 का लोकसभा उपचुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। गोल्डी ने 2017 में कांग्रेस के टिकट पर धुरी विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें