भोपालः कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए दलित मासूमों की कुएं से पानी पीने पर पिटाई किए जाने का आरोप लगाया है। पटवारी ने एक्स पर लिखा है, दिल दहलाने वाला ये दृश्य पत्थर दिल को भी विचलित कर सकते हैं। रोते, बिलखते, चीखते इन बच्चों ने सिर्फ कुएं से पानी पी लिया था और, ये तालिबानी सजा इसलिए दी गई कि ये मासूम दलित हैं।
वीडियो में एक व्यक्ति कुछ बच्चों को रस्सी से बांधकर उनकी बुरी तरह पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है। पटवारी का आरोप है कि ये बच्चे दलित समाज के हैं और उनकी पिटाई सिर्फ इसलिए की जा रही है क्योंकि उन्होंने कुएं से पानी पी लिया। हालांकि वीडियो कहां का है, ये अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
Video देखने के लिए यहां पर क्लिक करें-
उन्होंने आगे लिखा है, नरेंद्र मोदी जी गौर से देख लें कि भाजपा द्वारा फैलाया जा रहा नफरत का नंगा नाच अब मासूम जिंदगियों से भी सांसों का सौदा करना चाहता है! सोचना यह भी होगा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले मोहन यादव सरकार में ज्यादा क्यों दिखाई दे रहे हैं?
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने सरकार से मांग की है, दोषियों को चिन्हित करें और ऐसी कार्रवाई करें, जो मिसाल बने। पूरे दलित समाज से तत्काल माफी मांगे। पटवारी यह स्पष्ट नहीं कर पाए है कि आखिर दलित मासूमों की पिटाई का यह मामला कहां का है। इससे पहले पटवारी ने एक्स पर इस घटना को जबलपुर का बताया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।

