Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

दलितों, आदिवासियों ने आज बुलाया भारत बंद, सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद प्रदर्शन

August 21, 2024

दलितों, आदिवासियों ने आज बुलाया भारत बंद, सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद प्रदर्शन

नई दिल्ली: एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमी लेयर लागू करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बुधवार (21 अगस्त) को 14 घंटे का भारत बंद बुलाया गया है। दलित एवं आदिवासी संगठनों के राष्ट्रीय परिसंघ (एनएसीडीएओआर) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। भारत बंद का सबसे ज्यादा असर बिहार में देखने को मिल रहा है।

राज्य के कुछ जिलों में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं, राजस्थान के जयपुर में एहतियात के तौर पर स्कूल और कोचिंग सेंटर बंद कर दिए गए हैं। दलित एवं आदिवासी संगठनों के राष्ट्रीय परिसंघ (एनएसीडीएओआर) ने कोर्ट के सुझाव को दलितों और आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ बताया है।

साथ ही केंद्र सरकार से इसे रद्द करने की मांग की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), कांग्रेस और वामपंथी दलों ने इस देशव्यापी हड़ताल का समर्थन किया है। जेएमएम ने अपने सभी नेताओं, जिला अध्यक्षों, सचिवों और जिला समन्वयकों से इस हड़ताल में शामिल होने को कहा है।

झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट का हालिया फैसला एससी-एसटी वर्ग के उत्थान और सुदृढ़ीकरण की राह में रोड़ा साबित होगा। राजद के प्रदेश महासचिव कैलाश यादव ने कहा कि पार्टी ने एक दिवसीय बंद को अपना समर्थन देने और इसमें शामिल होने का फैसला किया है।

कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि पार्टी ने भी बंद के आह्वान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि दलित और आदिवासी संगठनों ने हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग की है।

# जानिए क्‍या हैं दो शर्तें:

एससी के भीतर किसी एक जाति को 100% कोटा नहीं दे सकतीं।

एससी में शामिल किसी जाति का कोटा तय करने से पहले उसकी हिस्सेदारी का पुख्ता डेटा होना चाहिए।

#क्या है मांग:

भारत बंद बुलाने वाले संगठनों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट कोटे में कोटा वाले फैसले को वापस ले या पुनर्विचार करे.

# क्या खुला रहेगा आज:

एम्बुलेंस, हॉस्पिटल और चिकित्सा सेवाओं सहित इमरजेंसी सेवाएं खुली रहेंगी. सरकारी दफ्तर, बैंक, पेट्रोल पंप , स्कूल और कॉलेज में सामान्य रूप से काम-काज होगा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बंद के आह्वान के बावजूद सार्वजनिक परिवहन, रेल सेवाएं चालू रहेंगी.

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें