Site icon Dainik Savera Times

Deepika Nagar Death Case: लीवर-किडनी डैमेज, फटी स्प्लीन…दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खड़े किए रोंगटे

Deepika Nagar Death Case

Deepika Nagar Death Case

नेशनल डेस्क: देश में दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर इन दिनों दो युवतियों Twisha Sharma और Deepika Nagar के नाम लगातार चर्चा में हैं। दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। परिवारों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत

भोपाल में रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी। कुछ समय बाद ही उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन परिवार ने इस पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उनका कहना है कि घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी जान गई। परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: जानें कौन है Giorgia Meloni? कैसे बार टेंडर से बनीं इटली की प्रधानमंत्री

ग्रेटर नोएडा में दीपिका नागर की संदिग्ध मौत

दूसरी घटना ग्रेटर नोएडा के जलपुरा इलाके की है, जहां 25 वर्षीय दीपिका नागर की मौत हो गई। दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। घटना के बाद परिवार ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि दीपिका की हत्या करने के बाद शव को छत से नीचे फेंका गया, ताकि मामला आत्महत्या या हादसे जैसा लगे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए बड़े खुलासे

दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटों का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी घाव पाए गए हैं, जो किसी हिंसक घटना की ओर इशारा करते हैं, जांच में पता चला कि दीपिका के चेहरे के दाहिने हिस्से पर गहरी चोट थी। इसके अलावा हाथों, कोहनी और फोरआर्म पर भी चोट के निशान मिले। बाएं कान से खून निकलने के संकेत भी पाए गए।

शरीर के अंदरूनी अंगों को भी हुआ नुकसान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा गंभीर चोट दाहिनी जांघ पर थी, जहां बड़ा नीला निशान और खून जमने के प्रमाण मिले। बाएं घुटने तक गहरा घाव था। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि दीपिका के सीने में करीब डेढ़ लीटर तक खून जमा था। उनकी स्प्लीन फट चुकी थी और शरीर में भारी इंटरनल ब्लीडिंग हुई थी। दिमाग के कुछ हिस्सों में भी खून के थक्के मिले हैं। इसके अलावा लीवर और किडनी की हालत भी खराब बताई गई है। नाक और मुंह से खून बहने के संकेत मिले हैं। जांच में यह भी पाया गया कि हार्ट चैंबर खाली थे।

ये भी पढ़ें: PM मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की ‘Melody’ टॉफी, Parle कंपनी का आया मजेदार रिएक्शन

विसरा जांच

डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के दौरान विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित रख लिया है। इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है। इन घटनाओं ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version