Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

रक्षा मंत्री राजनाथ ने एशियाई खेलों में सशस्त्र बलों के पदक विजेताओं को किया सम्मानित

October 17, 2023

रक्षा मंत्री राजनाथ ने एशियाई खेलों में सशस्त्र बलों के पदक विजेताओं को किया सम्मानित

नयी दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन के हांगझोऊ में हाल ही में संपन्न 19वें एशियाई खेलों में सशस्त्र बलों के पदक विजेताओं और सहायक कर्मचारियों को आज सम्मानित किया और उनके लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की। राजनाथ सिंह ने मंगलवार को यहां एक कार्यक्रम में एशियाई खेलों में भाग लेने वाले 76 खिलाड़ियों और कर्मचारियों के साथ बातचीत की और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

रक्षा मंत्री ने इस मौके पर मंत्रालय की ओर से घोषणा की कि स्वर्ण पदक विजेता को 25 लाख, रजत पदक विजेता को 15 लाख और कांस्य पदक विजेता को 10 लाख रूपए का नकद पुरस्कार दिया जायेगा। सशस्त्र बलों के कर्मियों ने इन खेलों में 02 स्वर्ण, 03 रजत और 03 कांस्य पदक जीते हैं। राजनाथ सिंह ने उन खिलाड़ियों की भी सराहना की जिन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन पदक नहीं जीत सके।

उन्होंने विश्वास जताया कि ये पदक और प्रदर्शन देश के युवाओं को खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने खिलाडियों से कहा, “आप केवल एक पदक का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, बल्कि भारतीय समाज की उत्कृष्टता की कहानी का भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आप युवाओं को प्रेरणा देने का एक बड़ा माध्यम हैं।”

रक्षा मंत्री ने विभिन्न खेलों में पदक जीतने के लिए सशस्त्र बलों के जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा, “चाहे युद्ध का मैदान हो या खेल का मैदान, सैनिक हमेशा समर्पण, अनुशासन, कड़ी मेहनत और देश के लिए कुछ करने की इच्छा के कारण प्रदर्शन करता है। यही गुण हमें खेलों में पदक दिलाने में मदद करते हैं। सैनिक के भीतर एक खिलाड़ी होता है; एक खिलाड़ी के भीतर एक सैनिक होता है’। सम्मान समारोह में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना स्टाफ के उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें