Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, तीन व्यक्तियों की मौत 

December 10, 2024

तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, तीन व्यक्तियों की मौत 
Delhi Accident : दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक बस को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिसमें दो महिलाओं सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हो गया।
वसंत कुंज उत्तर पुलिस थाने के अधिकारियों को तड़के 4:45 बजे लोहमोड होटल के पास एक ट्रक और बस के बीच दुर्घटना के बारे में एक कॉल आयी।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) सुरेंद्र चौधरी ने कहा, घटनास्थल पर दो महिलाओं और एक पुरुष के शव मिले। इसके अलावा, एक व्यक्ति ट्रक की चालक सीट पर फंसा हुआ मिला।
पुलिस ने बताया कि अभिषेक (19), निधि (19) और कांता देवी (50) को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि ट्रक के चालक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी तौफीक (25) के रूप में हुई है।
चौधरी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब तीनों लोग बस के पीछे लगे सामान वाले हिस्से से अपना सामान निकाल रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
अधिकारी ने बताया, जांच दल ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। शवों को सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि तौफीक भी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें