Site icon Dainik Savera Times

Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में सांस लेना हुआ मुश्किल! कई इलाके बने ‘गैस चैंबर’

Delhi Air Dangerous: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में शनिवार की सुबह फिर से दमघोंटू हवा का संकट गहराता दिखाई दिया। आपको बता दें कि प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ चुका है कि कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर प्लस श्रेणी में पहुंच गई है। विशेषज्ञ इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक स्थिती बता रहे हैं, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें पहले से सांस और फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं हैं।

कई स्थानों पर AQI में रिकॉर्ड उछाल

सुबह-सुबह जारी वायु गुणवत्ता आंकड़ों ने चिंता और बढ़ा दी है। कई क्षेत्रों में AQI 500 के पार निकल गया, जो दर्शाता है कि हवा में मौजूद प्रदूषक कण अब बेहद अधिक मात्रा में फैल चुके हैं। सबसे खराब स्थिति वज़ीरपुर की रही, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 691 तक पहुंच गया। आनंद विहार में 620, जहांगीरपुरी में 583 और बहादुरगढ़ में 550 तक AQI दर्ज किया गया। यह आंकड़े स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि ये क्षेत्र वर्तमान में प्रदूषण के चरम स्तर का सामना कर रहे हैं। इसके अलावा लोनी, रोहिणी और नोएडा सेक्टर-116 जैसे इलाके भी ‘गंभीर’ श्रेणी में बने हुए हैं, जहां प्रदूषण में किसी तरह की राहत के संकेत अभी तक दिखाई नहीं दे रहे।

लोगों के लिए बढ़ी परेशानी

दिल्ली-एनसीआर की हवा में मौजूद जहरीले तत्व लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल कर रहे हैं। बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दमा या अन्य श्वसन रोग से पीड़ित लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई अस्पतालों में सांस संबंधी समस्याओं की शिकायत लेकर आने वाले रोगियों की संख्या बढ़ गई है।

जरूरी है तत्काल कार्रवाई

प्रदूषण रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मौजूदा स्तर को देखते हुए विशेषज्ञ और कड़े कदम उठाने की सलाह दे रहे हैं जैसे निर्माण कार्यों पर नियंत्रण, वाहनों की आवाजाही पर सीमित प्रतिबंध और औद्योगिक उत्सर्जन पर सख्ती।

Exit mobile version