Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली की मुख्यमंत्री का आरोप, कहा- भाजपा के इशारे पर एलजी ने निकाला सीएम आतिशी का सामान

October 10, 2024

दिल्ली की मुख्यमंत्री का आरोप, कहा- भाजपा के इशारे पर एलजी ने निकाला सीएम आतिशी का सामान

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास को बुधवार को सील कर दिया गया है। सीएम ऑफिस ने मुख्यमंत्री आवास को सील किए जाने पर पहली प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली के सीएम कार्यालय ने एक बयान में कहा कि देश के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री आवास खाली कराया गया है, भाजपा के इशारे पर एलजी ने जबरन सीएम आतिशी का सामान दिल्ली सीएम आवास से निकाला है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री अतिशी के कार्यालय द्वारा बुधवार को कहा गया कि यह देश के इतिहास में पहली बार है, जब मुख्यमंत्री आवास खाली कराया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के इशारे पर उपराज्यपाल ने जबरन सीएम आतिशी का सामान सीएम आवास से निकाला है। मुख्यमंत्री कार्यालय का यह भी कहना है कि उपराज्यपाल की तरफ से भाजपा के किसी बड़े नेता को यह सीएम आवास आवंटित करने की तैयारी चल रही है। 27 साल से दिल्ली में वनवास काट रही भाजपा अब सीएम आवास कब्जाना चाह रही है।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सीएम आवास खाली कर दिया है और उसका प्रमाण पत्र भी है। इस सीएम आवास में मुख्यमंत्री आतिशी को शिफ्ट होना था और उन्होंने इसके लिए एक पत्र भी लिखा है। इसके बावजूद उनको सीएम आवास आवंटित नहीं किया गया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के सीएम आवास संबंधित विवाद में अब कांग्रेस भी कूद गई है। इस मामले में कांग्रेस पार्टी का कहना है कि नियमानुसार अगर 6 फ्लैग स्टॉफ रोड स्थित सीएम हाउस, मुख्यमंत्री आतिशी को ही देना है तो आम आदमी पार्टी के नेता, मंत्री और मुख्यमंत्री सरकारी प्रक्रिया का इंतजार क्यों नहीं कर सकते थे। क्यों 7 अक्टूबर को बिना आवंटन के मुख्यमंत्री आतिशी ने जबरन कब्जा करके अपना सामान रखकर अपनी निरंकुशता का परिचय दिया। क्या संवैधानिक पद पर आसीन आतिशी का यह करना उचित था?

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मांग की कि यदि वास्तव में यहां शराब घोटाले के संबध में कोई राज छिपे हैं, स्वाति मालिवाल और पूर्व मुख्य सचिव से मारपीट जैसे संदिग्ध मामलों के सबूत हैं तो उपराज्यपाल हस्तक्षेप करें। सीबीआई द्वारा शीश महल को सील करने की कार्यवाही का आदेश दे सकते हैं। अब शीश महल के सील होने के बाद अगर कुछ गलत है तो वह सबके सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल द्वारा सीएम हाउस छोड़ा गया। बंगले की चाबी सौंपी गई। अब बंगला फिर वापस लेना, जिसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग प्रवेश रंजन झा से जवाब मांग चुका है और सतर्कता विभाग ने झा सहित तीन अधिकारियों को नोटिस दिया है, यह मामले की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि 3-4 महीनों के लिए शीशमहल (सिविल लाइंस स्थित सीएम आवास) पर कब्जा क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि नैतिकता, ईमानदारी, पारदर्शी प्रशासन और आदर्शों का ढोल पीटने वाले अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया भी आतिशी की तरह जल्द ही गैर कानूनी और असंवैधानिक रुप से सरकारी बंगलों से बाहर होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें