नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के पवित्र वैष्णो देवी मंदिर में जाकर माता के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश में शांति, समृद्धि और लोगों के सुखी जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कटड़ा और मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वह सुबह कटड़ा पहुंचीं, जहां भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह माता वैष्णो देवी भवन के लिए रवाना हुईं। करीब सुबह 11 बजे वह मंदिर पहुंचीं और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा की। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें माता की पवित्र चुनरी और प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा महसूस हुई। उन्होंने माता से देश की तरक्की, लोगों की खुशहाली और सभी नागरिकों के सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। वैष्णो देवी धाम देश की आस्था और एकता का बड़ा केंद्र है, जहां हर राज्य और हर वर्ग के लोग श्रद्धा के साथ आते हैं।
दोपहर करीब 1 बजे मुख्यमंत्री वापस कटड़ा के लिए रवाना हुईं और वहां से सड़क मार्ग के जरिए जम्मू के लिए निकल गईं। उनके पूरे दौरे के दौरान प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। साथ ही इसे धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।