Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा ; मेरठ में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पदार्फाश किया है। एनआर-कक यूनिट की टीम ने पहले दिल्ली के बादली रेलवे स्टेशन के पास से हसीर उर्फ शूटर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 2 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 1 पेन पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने 26 मार्च को उत्तर प्रदेश के मेरठ में छापा मारकर मुख्य सप्लायर परवेज उर्फ फरू को दबोच लिया।

आरोपी के घर से अवैध हथियार बनाने की पूरी यूनिट का खुलासा हुआ। यहां से 24 पेन पिस्टल, 78 मैगजीन, पिस्टल के पार्ट्स, बैरल, स्लाइड, स्प्रिंग्स और ड्रिल मशीन सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद पेन पिस्टल देखने में सामान्य पेन जैसी होती हैं, जिन्हें भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से छिपाकर ले जाया जा सकता है और नजदीक से फायरिंग में बेहद घातक होती हैं।

मुख्य आरोपी परवेज पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और 2017 में एनआईए द्वारा यूएपीए के तहत दर्ज केस में भी शामिल रहा है। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version