Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली : नरेला के शनि बाजार में छत गिरने के बाद लगी आग, परिवार के छह लोग झुलसे

Fire in Polythene Factory

Fire in Polythene Factory

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के नरेला में दो मंजिला मकान की छत गिरने के बाद लगी आग में एक परिवार के छह लोग झुलस गए। पुलिस ने बताया कि घटना शनि बाजार इलाके में सुबह करीब सात बजे उस समय हुई, जब परिवार के लोग कथित तौर पर खाना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आग लगने के कारण परिवार के सदस्य झुलस गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया, ‘‘हमें सुबह सात बजकर 53 मिनट पर नरेला के शनि बाजार इलाके में आग लगने और इमारत गिरने की सूचना मिली। दमकल की दो गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।’’ उन्होंने बताया कि डीडीए जनता फ्लैट की छत गिरने से पीएनजी गैस की पाइप लाइन टूट गई और आग लग गई, जो पूरे घर में फैल गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजू (40), उनकी पत्नी राजेश्वरी (35), बेटा राहुल (18) और तीन बेटियां मोहिनी (12), वर्षा (पांच) और माही (तीन) रसोई में थे कि तभी छत गिर गई और वे मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले पड़ोसी घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गये थे। अधिकारी ने बताया, ‘‘शुरुआत में हमें एनआईए थाना क्षेत्र में सिलेंडर विस्फोट के बारे में सूचना मिली थी। मामले की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को दी गई और टीमें मौके पर पहुंच गईं।’’ उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षर्दिशयों ने शुरू में आशंका जताई थी कि सिलेंडर विस्फोट के कारण यह इमारत ढह गई हालांकि, गहन निरीक्षण के बाद पुष्टि हुई कि कोई विस्फोट नहीं हुआ था।

अधिकारी ने बताया कि घायलों को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।चिकित्सकों ने बताया कि परिवार के सदस्यों को मलबे में दबने से चोट आई तथा खाना पकाने के दौरान लगी आग से वे झुलस भी गये। चिकित्सकों के अनुसार, राजू 52 प्रतिशत, उनकी पत्नी और बेटा 45 प्रतिशत झुलस गये। उन्होंने बताया कि मोहिनी, वर्षा और माही क्रमश: 50 प्रतिशत, छह प्रतिशत और आठ प्रतिशत झुलसी हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version