Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi Flood Alert : दिल्ली-NCR में बारिश का कहर…उफान पर यमुना नदी, राहत कार्य जारी

September 4, 2025

Delhi Flood Alert : दिल्ली-NCR में बारिश का कहर…उफान पर यमुना नदी, राहत कार्य जारी

Delhi Flood Alert : दिल्ली-एनसीआर इन दिनों मौसम की दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, तो दूसरी ओर यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर रहा है। राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बुधवार से ही बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, हालांकि कुछ देर बाद मौसम शांत हुआ। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों तक बारिश का यह दौर जारी रहेगा।

लगातार जारी बारिश, IMD का अलर्ट

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 7 सितंबर तक बारिश से राहत नहीं मिलेगी। 4 सितंबर को दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं 5 सितंबर को गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 6 और 7 सितंबर को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि 8 और 9 सितंबर को मौसम में सुधार हो सकता है और आसमान साफ दिखने लगेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए पहले रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में ऑरेंज अलर्ट में बदला गया।

यमुना का रौद्र रूप

बारिश के बीच सबसे बड़ी चिंता यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, दिल्ली रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 207.27 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के स्तर (205.33 मीटर) से लगभग 2 मीटर ऊपर है। बता दें कि 2010 में यमुना का जलस्तर 207.11 मीटर तक पहुंचा था। 15 साल बाद एक बार फिर वैसा ही संकट देखने को मिल रहा है।

यमुना के पानी ने कई निचले इलाकों में दस्तक दे दी है। मयूर विहार, यमुना बाजार, अक्षरधाम और निगम बोध घाट के आसपास बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मॉनेस्ट्री मार्केट पूरी तरह से जलमग्न है। लोगों के घरों में पानी घुसने से कई परिवारों को राहत कैंपों में शरण लेनी पड़ी है।

श्मशान घाट में भरा पानी

सबसे गंभीर स्थिति श्मशान घाटों की है। निगम बोध घाट में पानी भर जाने के कारण वहां शवों का अंतिम संस्कार रोकना पड़ा है। घाट की दीवार का हिस्सा टूटने से यमुना का पानी परिसर में घुस गया। यहां 42 दाह स्थल हैं, जो अब पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। इसके अलावा वजीराबाद और गीता कॉलोनी के श्मशान घाट में भी जलभराव है। प्रशासन लोगों को अस्थायी रूप से पंजाबी बाग श्मशान घाट जाने की सलाह दे रहा है।

यातायात और उड़ानों पर असर

खराब मौसम और जलभराव का असर दिल्ली के यातायात पर भी पड़ रहा है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न होने से लंबा जाम लग रहा है। वहीं, फ्लाइट संचालन पर भी असर दिखाई दे रहा है। स्पाइसजेट सहित अन्य एयरलाइनों ने यात्रियों से अपनी उड़ानों की स्थिति चेक करने की अपील की है।

राहत कार्य जारी

प्रशासन की ओर से यमुना किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का कार्य जारी है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने बचाव दल तैनात किए हैं। हालांकि लगातार हो रही बारिश और नदी के उफान से हालात और बिगड़ सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें