नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली मेट्रो के 16 प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद कर दी गई है।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
Delhi Metro stations -Lok Kalyan Marg, Rajiv Chowk, Patel Chowk, Ramakrishna Ashram Marg, Barakhambha Road, Supreme Court, Seva Teerth, Janpath, Mandi House, Central Secretariat, ITO, Delhi Gate, Indraprastha, Khan Market, Jor Bagh and Shivaji Stadium are closed till further… pic.twitter.com/PXLPuJTP2r
— ANI (@ANI) July 22, 2026
यात्रियों का प्रवेश और निकास पूरी तरह बंद रहेगा
मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन स्टेशनों पर फिलहाल यात्रियों का प्रवेश और निकास पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि, जहां संभव होगा वहां मेट्रो ट्रेनें स्टेशनों से बिना रुके आगे बढ़ सकती हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो की ताजा जानकारी जरूर जांच लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग या अन्य परिवहन साधनों का उपयोग करें।
इन स्टेशनों के बंद होने का असर दिल्ली मेट्रो की येलो, ब्लू, वायलेट और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी देखने को मिलेगा। खासतौर पर राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन बंद होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
यात्री सहयोग करें, आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस और मेट्रो सुरक्षा बल की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मेट्रो प्रशासन ने कहा है कि हालात सामान्य होने और अगले निर्देश जारी होने के बाद ही इन स्टेशनों को दोबारा यात्रियों के लिए खोला जाएगा। फिलहाल यात्रियों से सहयोग करने और आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

