Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली-NCR हुआ पानी-पानी… लगातार 7 दिन तक बारिश के आसार, IMD ने दी चेतावनी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और NCR में बुधवार रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसके चलते सारा इलाका पानी-पानी हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह सिलसिला केवल शुरुआत है, क्योंकि अगले एक हफ्ते तक बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने के आसार नहीं हैं।

बुधवार रात करीब 10 बजे से शुरू हुई भारी बारिश ने कई इलाकों को पानी-पानी कर दिया। दिल्ली के मयूर विहार, लक्ष्मी नगर, पटेल नगर, मथुरा रोड और दक्षिणी दिल्ली जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। नोएडा के सेक्टर-12, 16, 62 और 18 जैसे इलाकों में जलजमाव के कारण यातायात की रफ्तार थम गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अगले 7 दिन बारिश की संभावना

IMD ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राजधानी में आने वाले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

बारिश ने गिराया पारा, गर्मी से राहत

लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट देखी गई है। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

जुलाई में सामान्य से अधिक वर्षा

इस वर्ष मानसून का आगमन दिल्ली में जून के अंतिम सप्ताह में हुआ था, लेकिन जुलाई में बारिश ने गति पकड़ ली है। अब तक जुलाई महीने में कुल 235.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो औसत 209.7 मिमी से अधिक है। 1 जून से अब तक दिल्ली में कुल 337.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 270.1 मिमी रहता है।

नगर निगम और प्रशासन अलर्ट मोड में

भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर निगम की टीमें सड़कों से पानी निकालने और ट्रैफिक सुचारू रखने के प्रयास में जुट गई हैं। दिल्ली सरकार ने भी इमरजेंसी कंट्रोल रूम को एक्टिव मोड में डाल दिया है।

Exit mobile version