Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली-NCR में परिवार चला रहा था हेरोइन तस्करी का नेटवर्क, 5 करोड़ की ड्रग्स के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-NCR में सक्रिय एक कथित पारिवारिक हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.250 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि यह ANTF के नए थाने में दर्ज किया गया पहला मामला है, जिसने 10 सितंबर 2026 से काम करना शुरू किया था।

सिग्नेचर ब्रिज के पास तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सब-इंस्पेक्टर विपिन राठी के नेतृत्व में एक टीम ने सुबह सिग्नेचर ब्रिज-खजूरी खास के पास दो मोटरसाइकिलों को रोका। जांच के दौरान पुलिस ने रोहित दिवाकर, उसकी पत्नी और उसके भाई विशाल दिवाकर को गिरफ्तार किया। तीनों राजौरी गार्डन के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान विशाल के बैग से 2 किलो 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया। इस संबंध में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

रुड़की और गाजियाबाद तक पहुंची जांच

मामले की आगे जांच करते हुए पुलिस टीम उत्तराखंड के रुड़की पहुंची, जहां 15 सितंबर को दिलशाद गार्डन निवासी अफरोज अली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, अफरोज को कथित तौर पर दिवाकर परिवार से हेरोइन की सप्लाई मिलती थी। उसकी निशानदेही पर गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित फ्लैट से 104 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की गई।

इसके बाद 25 सितंबर को पुलिस ने ख्याला निवासी 23 वर्षीय चिराग को बुराड़ी से गिरफ्तार किया। उसके पास से 37,400 रुपये नकद और बाथरूम में छिपाकर रखी गई 140 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने एक स्कूटी भी जब्त की। जांच में सामने आया कि चिराग के खिलाफ पहले से NDPS एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। वह अपनी पत्नी के मेडिकल आधार पर मिली अंतरिम जमानत पर बाहर था और इस दौरान कथित तौर पर दोबारा नशे की तस्करी में शामिल हो गया था।

गाजियाबाद से छठा आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 10 नवंबर को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन से छठे आरोपी गौरव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 36,000 रुपये नकद और एक महिंद्रा थार बरामद की गई। पुलिस को संदेह है कि यह वाहन नशे की तस्करी से अर्जित रकम से खरीदा गया था। जांच के अनुसार, गौरव कथित तौर पर अफरोज अली से हेरोइन खरीदता था और गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में इसे छोटे-छोटे पैकेट में बेचता था। गौरव के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें दो NDPS एक्ट के तहत हैं।

परिवार के कई सदस्यों के नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह

पुलिस की जांच में इस कथित तस्करी नेटवर्क के पारिवारिक संबंधों का भी खुलासा हुआ है। अफरोज अली, विक्की का भाई और इमरान का चाचा है। ये दोनों क्राइम ब्रांच के एक अन्य NDPS मामले में वांछित या आरोपी बताए जा रहे हैं। वहीं, रोहित दिवाकर की पत्नी की मां और बहन के नाम भी पहले के एक ड्रग्स मामले में सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन जांच में उनके परिवार के अन्य सदस्यों की भी इस अवैध कारोबार में कथित संलिप्तता सामने आई है।

2.25 किलो हेरोइन समेत करोड़ों का सामान बरामद

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 2.250 किलोग्राम हेरोइन, 73,400 रुपये नकद, दो महिंद्रा थार गाड़ियां, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों की पहचान करने, नशे की सप्लाई के स्रोतों और आरोपियों के वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यह कार्रवाई ड्रग-फ्री इंडिया अभियान के तहत की गई है।

Exit mobile version