Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली पुलिस ने फर्जी करेंसी गिरोह का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

May 7, 2026

दिल्ली पुलिस ने फर्जी करेंसी गिरोह का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली : उत्तरी बाहरी जिले में दिल्ली पुलिस ने फर्जी करेंसी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए 21 वर्षीय युवक को “रिजेक्टेड नोट” के नाम पर लालच देकर उससे एक लाख रुपये ठग लिए और बदले में “चिल्ड्रेन बैंक” लिखे खिलौना नोट थमा दिए। पीड़ित, जो टूर एंड ट्रैवल का काम करता है, को इंस्टाग्राम पर जितेंद्र नामक व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने 50 हजार रुपये के बदले तीन लाख रुपये देने का झांसा दिया।

4 मई 2026 को महिपालपुर के पास पहली किस्त ली गई। बाद में मां की बीमारी का बहाना बनाकर और 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। अंतिम सौदा नरेला के सिंघु बॉर्डर के पास हुआ, जहां आरोपी ने सीलबंद पैकेट में नकदी देने का दावा किया, लेकिन उसमें “भारतीय मनोरंजन बैंक” और “चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया” लिखे करीब 600 नकली नोट निकले। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों जितेंद्र (राजस्थान) और संदीप (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नोट, 1.32 लाख रुपये और एक कार बरामद की है। मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें