Site icon Dainik Savera Times

मुठभेड़ में मारा गया दिल्ली पुलिस कांस्टेबल हत्याकांड का मुख्य आरोपी

Delhi Police constable Murder : दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने की घटना के एक दिन बाद मामले का मुख्य आरोपी दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविन्दपुरी इलाके में रात्रि गश्त के दौरान कांस्टेबल किरण पाल की तीन लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। दो आरोपियों दीपक मैक्स और कृष गुप्ता को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था।
विशेष प्रकोष्ठ के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरा आरोपी राघव संगम विहार में छिपा हुआ था। आरोपी की पहचान कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया लेकिन उसने पुलिस के अनुरोध को अनसुना करते हुए पुलिस कर्मियों पर गोलियां चलाईं जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी घायल हो गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उसे तुरंत ओखला के ईएसआईसी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में कोई पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ है और उन्होंने एक पिस्तौल और दो कारतूस जब्त किए हैं।
कांस्टेबल किरण पाल गोविन्दपुरी पुलिस थाने में कार्यरत थे और रात्रि गश्त पर थे। उन्होंने शनिवार तड़के स्कूटी में सवार तीन लोगों को रोका। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कांस्टेबल पर पत्थर फेंके, लेकिन कांस्टेबल ने अपनी मोटरसाइकिल उनके वाहन के आगे अड़ा दी और उन्हें भागने नहीं दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल ने आरोपियों की स्कूटी की चाबी भी छीन ली और वह तीनों से पूछताछ करने लगे लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमे उनकी जान चली गई।
Exit mobile version