Site icon Dainik Savera Times

DUSU चुनाव परिणाम आज, नॉर्थ कैंपस में शुरू हुई मतगणना 

Delhi University Students Union : काफी समय से लंबित दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के लिए मतगणना मतदान के लगभग दो महीने बाद सोमवार को यहां विश्वविद्यालय के ‘नॉर्थ कैंपस’ में शुरू हुई।
DUSU परिणाम चुनाव के एक दिन बाद 28 सितंबर को घोषित किये जाने थे लेकिन दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के कारण इसमें देरी हुई। अदालत ने मतगणना पर तब तक के लिए रोक लगा दी थी जब तक कि चुनाव प्रचार के दौरान लगाए गए पोस्टर, होर्डिंग और संपत्तियों को विरूपित करने वाली अन्य सामग्री को हटा नहीं दिया जाता।
छात्रसंघ के चार पदों के लिए 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए आठ, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच और सचिव तथा संयुक्त सचिव पद के लिए चार-चार उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनावों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), कांग्रेस सर्मिथत ‘नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया’ (NSUI) और वाम सर्मिथत ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (AISA) एवं ‘स्टूडेंट्स फेडेरेशन ऑफ इंडिया’ (SFI) के गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है।
अध्यक्ष पद के लिए ABVP के ऋषभ चौधरी, NSUI के रौनक खत्री और AISA की सावी गुप्ता के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है। उपाध्यक्ष पद के लिए ABVP के भानु प्रताप सिंह, NSUI के यश नंदल और AISA के आयुष मंडल मैदान में हैं।
सचिव पद के लिए ABVP की मित्रविंदा कर्णवाल का मुकाबला NSUI की नम्रता जेफ मीणा और SFI की अनामिका के. से है, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए ABVP के अमन कपासिया का मुकाबला NSUI के लोकेश चौधरी और SFI की स्नेहा अग्रवाल से है।
वर्तमान में छात्रसंघ में अध्यक्ष, संयुक्त सचिव और सचिव के पदों पर RSS से संबद्ध ABVP का कब्जा है। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की छात्र शाखा NSUI का कब्जा है।
Exit mobile version