Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली जल संकट : हरियाणा से अधिक पानी की मांग के लिए आतिशी ने शुरू की भूख हड़ताल

June 22, 2024

दिल्ली जल संकट : हरियाणा से अधिक पानी की मांग के लिए आतिशी ने शुरू की भूख हड़ताल

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा से प्रतिदिन 100 मिलियन गैलन पानी छोड़े जाने की अपनी मांग को लेकर शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली के भोगल इलाके में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। उनके साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य नेता मौजूद हैं। आतिशी ने कहा, दिल्ली सरकार में जल मंत्री होने के नाते मैंने राष्ट्रीय राजधानी को पानी दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है, लेकिन अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने के अलावा मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा।

उन्होंने कहा, यह भूख हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक हरियाणा सरकार दिल्ली को उसके हक का पानी नहीं दे देती। सुनीता केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई कि आतिशी की ‘तपस्या’ सफल होगी। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भीषण गर्मी के बीच जल संकट से जूझ रहे लोगों की दुर्दशा को टैलीविजन पर देखकर उन्हें बहुत दुख होता है। उन्होंने जेल से भेजे गए अपने संदेश में कहा, प्यासे को पानी पिलाना हमारी संस्कृति है। दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से पानी मिलता है।

हमें ऐसी भीषण गर्मी में पड़ोसी राज्यों से मदद की उम्मीद थी। लेकिन, हरियाणा ने दिल्ली के पानी का हिस्सा ही कम कर दिया। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, दोनों राज्यों में अलग-अलग दलों की सरकारें हैं, लेकिन क्या यह पानी पर राजनीति करने का समय है? इससे पूर्व, आतिशी ने सुनीता केजरीवाल, ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और अन्य नेताओं के साथ भोगल जाने से पहले राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अíपत की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें