Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, बिहार समेत 10 राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मौसम में अब ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। दिल्ली-NCR में आज सुबह हल्की ठंडी हवा और धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई। राजधानी में बादलों की मौजूदगी बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे सुबह-शाम की ठंड और बढ़ सकती है।

साइक्लोन ‘मोंथा’ बना बारिश की वजह

बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोन ‘मोंथा’ अब सक्रिय हो चुका है और इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और रायलसीमा में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इसी के प्रभाव से अगले 48 घंटों में बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

झारखंड और बिहार में अलर्ट जारी

रांची मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि 30 से 31 अक्टूबर के बीच झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं, पटना मौसम विभाग ने बिहार के लगभग सभी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों के दौरान कई जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी भारत में भी दिखेगा असर

साइक्लोन मोंथा का प्रभाव केवल दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भी 30 और 31 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
कोलकाता, दक्षिण 24 परगना, मेदिनीपुर, हावड़ा, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुरा और हुगली जैसे जिलों में साइक्लोन का असर देखने को मिल सकता है।

उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के संकेत

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। पश्चिमी यूपी में जहां मौसम शुष्क रहेगा, वहीं पूर्वी यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली और प्रतापगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि लखनऊ और कानपुर के आसपास तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

ये भी पढ़ें : ‘विद्या बालन से मिली प्रेरणा’, Taapsee Pannu ने करियर पर कही दिल की बात

दिल्ली-NCR में ठंडी हवाओं की दस्तक

राजधानी दिल्ली में हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी हो गया है, जिससे ठंडक महसूस की जा रही है। अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और बादलों के चलते तापमान और गिर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, नवंबर की शुरुआत से उत्तर भारत में सर्दी का असली आगमन हो जाएगा।

IMD की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की हिदायत दी गई है।

Exit mobile version