
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत राजधानी में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों की छात्र प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिक्षा, सुरक्षा तथा कॉलेजों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के सुझावों पर प्राथमिकता से काम करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी की सोच, नए विचार और कुछ कर दिखाने का जज्बा समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आज की छात्राएं अपने भविष्य के साथ-साथ दिल्ली के विकास को लेकर भी जागरूक हैं। उनकी चिंताओं को दूर करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के साथ नियमित संवाद किया जाएगा और आगामी युवा नीति तथा बजट की तैयारियों में भी उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी, ताकि उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाई जा सकें।
युवाओं की भागीदारी से विकसित दिल्ली का संकल्प : रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में दिल्ली के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का प्रयास है कि राजधानी का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त करे तथा देश की प्रगति में योगदान दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की छात्राएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, नेतृत्व करें और अपने सपनों को पूरा करें, इसके लिए सरकार शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करेगी।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, विधायक संदीप सहरावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।