Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

चिराग पासवान को बिहार का अगला CM बनाने की उठी मांग, BJP कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर

March 9, 2026

चिराग पासवान को बिहार का अगला CM बनाने की उठी मांग, BJP कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर

नेशनल डेस्क: बिहार की राजनीति में इन दिनों नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावनाओं की चर्चा के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच एनडीए गठबंधन के भीतर से ही एक नई मांग सामने आई है, जिसमें चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की बात कही जा रही है।

पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कुछ कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान के समर्थन में पोस्टर लगाए हैं। ये पोस्टर बीजेपी के पटना स्थित कार्यालय के बाहर लगाए गए, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

पोस्टर में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की खुलकर मांग की गई है। एक पोस्टर में लिखा है, ‘ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।’ इस संदेश के जरिए समर्थक यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि चिराग पासवान के नेतृत्व में राज्य में शांति और विकास का माहौल बन सकता है।

कुछ पोस्टरों में बिहार के भविष्य को लेकर भी बड़े दावे किए गए हैं। इनमें लिखा गया है कि अगर चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो राज्य में ‘स्वर्ण काल’ की शुरुआत हो सकती है। पोस्टर में लिखा गया है कि ‘सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।’ पोस्टरों में प्रधानमंत्री मोदी का भी जिक्र किया गया है। एक पोस्टर में लिखा है, ‘मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।’ इस तरह के नारों के जरिए चिराग पासवान को एनडीए का मजबूत और भरोसेमंद नेता दिखाने की कोशिश की जा रही है।

पोस्टरों में यह भी कहा गया है कि अब बिहार को एक युवा मुख्यमंत्री की जरूरत है। इसमें लिखा गया है, ‘बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का।’ इससे यह संकेत देने की कोशिश की गई है कि आने वाले समय में अगर एनडीए की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री पद के लिए चिराग पासवान का नाम सामने आ सकता है।

जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर एलजेपी (रामविलास) के पटना जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगवाए गए हैं। पोस्टर सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में इस मांग को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। इससे पहले पार्टी के सांसद अरुण भारती भी सार्वजनिक तौर पर चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेता मिलकर करेंगे।

अरुण भारती ने यह भी कहा था कि व्यक्तिगत तौर पर वह चाहते हैं कि चिराग पासवान बिहार की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी संभालें और राज्य का नेतृत्व करें। उनके मुताबिक, राज्य के कई जिलों में पार्टी कार्यकर्ता भी यही मांग कर रहे हैं कि आने वाले समय में चिराग पासवान को बड़ी भूमिका दी जाए हालांकि, अभी तक एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन पोस्टरों के सामने आने के बाद यह मुद्दा बिहार की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक हलचल और बढ़ सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें