Site icon Dainik Savera Times

बारामती में आज डिप्टी CM अजित पवार को अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

Deputy CM Ajit Pawar Funeral

Deputy CM Ajit Pawar Funeral

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को आज उनकी कर्मभूमि बारामती में अंतिम विदाई दी जाएगी। बता दें कि सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

अजित पवार की अंतिम यात्रा आज सुबह 9 बजे निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न होगा।

अंतिम संस्कार के लिए व्यापक इंतज़ाम

विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मैदान के भीतर विशेष चबूतरे का निर्माण किया गया है, जहां विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है।

इसके अलावा, दूर-दराज़ से आने वाले लोगों के लिए बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, ताकि वे अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि समारोह को देख सकें।

पंडालों में जुटेंगे देश के दिग्गज नेता

अंतिम संस्कार स्थल पर पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं, जहां देशभर से आने वाले वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और पवार परिवार के सदस्य मौजूद रहेंगे। पंडालों में अजित पवार की तस्वीरें लगाई गई हैं, जिन पर लोग पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।

विमान हादसे में हुआ था निधन

बताया जा रहा है कि 28 जनवरी की सुबह अजित पवार चुनावी कार्यक्रम के लिए बारामती आ रहे थे। इसी दौरान उनका विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

Exit mobile version