Site icon Dainik Savera Times

ठाकुरजी के अभिषेक दर्शन कर धन्य हुए भक्त

वृन्दावन। जन-जन के आराध्य भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। अजन्मे का जन्मोत्सव व अभिषेक की धूम वैसे तो श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा सहित सम्पूर्ण ब्रज एवं देश भर में रात्रि को रहती है। लेकिन श्रीकृष्ण की क्रीड़ास्थली श्रीधाम वृन्दावन के सप्तदेवालयों में प्रमुख श्रीराधारमण मन्दिर एवं श्रीराधा दामोदर मंदिर समेत टेढ़े खम्भा के नाम से विख्यात शाहजी मन्दिर में अभिषेक का कार्यक्रम दिन में ही सम्पन्न हो जाता है।

इसी क्रम में ठाकुर राधारमण मंदिर में प्राचीन मान्यता के अनुसार सेवायत गोस्वामियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य स्वयं प्रकट ठाकुर राधारमण जू का दूध, दही, घी, शहद, बूरा, जड़ी-बूटी आदि से महा अभिषेक किया गया। वहीं श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य एवं उनके अभिषेक के दर्शन कर पुण्यलाभ अर्जित किया। इस उत्सव का आनन्द लेने के लिये मन्दिर परिसर में एकत्रित देश-विदेश के श्रद्धालु भक्त भगवन्नाम संकीर्तन व अपने आराध्य के जयकारे लगाते हुए प्रभु के जन्म का साक्षी बनकर स्वयं को धन्य किया।

Exit mobile version