DFCCIL : नई दिल्ली के भारत मंडप में सीआईआई द्वारा आयोजित इंटरनेशनल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी फेयर के तहत लॉजिस्टिक्स-2025 में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) की भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन डीएफसीसीआईएल के प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने किया।
इस अवसर पर डीएफसीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी, स्टेकहोल्डर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रवीण कुमार ने स्टेकहोल्डरों और आगंतुकों का स्वागत करते हुए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डी एफ सी ) परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी रेल अधोसंरचना परियोजना है, जो देश के माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है।
पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से लॉजिस्टिक्स लागत को मौजूदा 13-14 फीसदी से घटाकर सिंगल डिजिट में लाने का लक्ष्य है, जिससे भारत की वैश्विक लॉजिस्टिक्स रैंकिंग में सुधार होगा।हम डीएफसी के माध्यम से भारत की सामाजिक-आर्थिक प्रगति का एक नया इतिहास लिख रहे हैं।
डीएफसीसीआईएल प्रदर्शनी में ट्रक-ऑन-ट्रेन, हाई-स्पीड कार्गो, गति शक्ति कार्गो टर्मिनल, गुड्स शेड, प्राइवेट फ्रेट टर्मिनल और मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क जैसी पहलों का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रवीण कुमार ने कहा कि डीएफसी माल परिवहन का गेम चेंजर साबित हो रहा है, जिससे भारतीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और निर्यात-आयात क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

