Dhamaal 4: अपने हंसी से भरपूर ट्रेलर के साथ दर्शकों को नॉस्टैल्जिया की सैर कराने के बाद, धमाल 4 ने उत्साह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। इस उत्साह को और बढ़ाते हुए, मेकर्स ने अब चटनी रिलीज़ कर दिया है — एक हाई-एनर्जी, लोक-संगीत से प्रेरित गाना, जो भोजपुरी संगीत की संक्रामक ऊर्जा को फ्रेंचाइज़ी की मस्ती और पागलपन भरी दुनिया में लेकर आता है।
“फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी” जैसी आइकॉनिक पंक्तियों पर आधारित यह गाना आकर्षक बीट्स और थिरकने पर मजबूर कर देने वाली धुनों से भरपूर है, जो इसे फिल्म की हंसी और धमाल से भरी दुनिया के लिए एकदम परफेक्ट बनाता है।
यह गाना कलाकारों के बीच की शानदार केमिस्ट्री और उस खास मस्तीभरे पागलपन को बखूबी दर्शाता है, जो धमाल फ्रेंचाइज़ी की पहचान बन चुका है। इसमें अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, अंजलि आनंद और रवि किशन नज़र आ रहे हैं। ट्रैक में मनोरंजन से भरपूर कई मजेदार पल हैं, जबकि रवि किशन अपने खास भोजपुरी अंदाज़ से इस हाई-एनर्जी गाने में चार चांद लगा देते हैं।
इस गाने को नीलकमल सिंह और ममता शर्मा ने अपनी आवाज़ दी है। इसके जोशीले बोल धीरज बबुआन ने लिखे हैं, जबकि थिरकने पर मजबूर कर देने वाला संगीत नीलकमल सिंह और आदित्य देव ने तैयार किया है। इस धमाकेदार गाने की कोरियोग्राफी राहुल शेट्टी ने की है।
चटनी के बारे में बात करते हुए गायक नीलकमल सिंह ने कहा, “फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी एक ऐसा गाना है, जो हमेशा से दर्शकों के दिलों से जुड़ा रहा है। जब हमें पता चला कि धमाल 4 बन रही है, तो हमें तुरंत महसूस हुआ कि इस गाने की ऊर्जा फिल्म के किरदारों और उसकी दुनिया के साथ पूरी तरह मेल खाएगी, क्योंकि यह मस्ती, मनोरंजन और जश्न से भरपूर है। इस गाने पर काम करना हमारे लिए बेहद मजेदार अनुभव रहा और मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शकों को इसे सुनने और इस पर झूमने में उतना ही मज़ा आएगा।”
ममता शर्मा ने कहा, “धमाल मेरी पसंदीदा फ्रेंचाइज़ियों में से एक है, इसलिए इसके एक गाने को अपनी आवाज़ देना मेरे लिए बेहद खास रहा। चटनी पहले से ही दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है और धमाल 4 के लिए उसकी उसी ऊर्जा को फिर से जीवंत करना रोमांचक और संतोषजनक अनुभव था। यह गाना ऊर्जा, मस्ती और जश्न से भरपूर है, और मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक इस पर थिरकें।”
हर उम्र के दर्शकों के लिए हंसी से भरपूर मनोरंजन का वादा करती धमाल 4 में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा जैसे दमदार कलाकारों के साथ ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
धमाल 4 को गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ द्वारा, देवगन फिल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। यह टी-सीरीज़ फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और पैनोरमा स्टूडियोज़ का प्रोडक्शन है। धमाल 4 का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है और इसका निर्माण अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने किया है।
धमाल 4 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।